सिख प्रतिनिधिमंडल से मिले नरेंद्र मोदी, कहा- हमारे गुरुओं ने हमें साहस और सेवा की सीख दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने आवास पर एक सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कहा कि हमारे गुरुओं ने हमें साहस और सेवा की सीख दी है। सभी दस गुरुओं ने राष्ट्र को सबसे ऊपर रखकर भारत को एक सूत्र में पिरोया। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 29, 2022 12:02 PM IST / Updated: Apr 29 2022, 09:00 PM IST

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में अपने आवास पर सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि गुरुद्वारों में जाना, सेवा में समय देना, लंगर पाना, सिख परिवारों के घरों में रहना, यह मेरे जीवन का हिस्सा रहा है। जब मैं किसी विदेश यात्रा पर जाता हूं तो वहां भी जब सिख समाज के साथियों से मिलता हूं तो मन गर्व से भर उठता है। 

2015 की कनाडा यात्रा आप में से कई लोगों को याद होगा। कनाडा के लिए 4 दशक में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली स्टैंड अलोन बाइलेट्रल यात्रा थी। मैं केवल ओटावा और टोरंटो ही नहीं गया था। मुझे याद है कि मैंने कहा था कि वेंकुवर जाऊंगा। मैं वहां गया। गुरुद्वारा खालसा देवान में मुझे माथा टेकने का सौभाग्य मिला। 2016 में जब मैं ईरान गया तब वहां भी तेहरान में गुरुद्वारा जाने का सौभाग्य मिला। 

गुरुओं ने साहस और सेवा की सीख दी 
पीएम ने कहा कि हमारे गुरुओं ने हमें साहस और सेवा की सीख दी है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बिना किसी संसाधन के भारत के लोग गए और अपने श्रम से सफलता पाई। नया भारत नए आयामों को छू रहा है। पूरी दुनिया पर अपनी छाप छोड़ रहा है। कोरोना महामारी का कालखंड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। 

महामारी की शुरुआत में पुरानी सोच वाले लोग भारत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे थे। अब लोग भारत का उदाहरण देकर दुनिया को बताते हैं कि देखिए भारत ने ऐसा किया। पहले कहा जाता था कि भारत की इतनी बड़ी आबादी को कहां से वैक्सीन मिलेगी? कैसे लोगों का जीवन बचेगा? आज भारत वैक्सीन का सबसे बड़ा सुरक्षा कवज तैयार करने वाला देश बनकर उभरा है। करोड़ों वैक्सीन डोज हमारे देश में लगाए गए हैं। 99 फीसदी वैक्सीनेशन मेड इन इंडिया वैक्सीन से हुआ है। 

भारत के राष्ट्र दूत हैं विदेशों में रहने वाले भारतीय
मोदी ने कहा कि हम दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इको सिस्टम में से एक बनकर उभरे हैं। हमारे यूनिकॉर्न्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत के इस बढ़ते हुए कद से हमारे डायसपोरा का सिर गर्व से ऊंचा उठा है। जब भारत का सम्मान बढ़ता है तो लाखों-करोड़ों भारतीय मूल के लोगों का सम्मान उतना ही बढ़ जाता है। उनके प्रति दुनिया का नजरिया बदल जाता है। हमारे भारतीय डायसपोरा को मैं हमेशा भारत का राष्ट्र दूत मानता रहा हूं। 

यह भी पढ़ें- RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- अपने आखिरी दिन गिन रहा हिंसा पसंद करने वाला समाज

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे सभी दस गुरुओं ने राष्ट्र को सबसे ऊपर रखकर भारत को एक सूत्र में पिरोया। गुरुनानक देव जी ने पूरे राष्ट्र की चेतना को जगाया। पूरे राष्ट्र को अंधकार से निकालकर प्रकाश की राह दिखाई। हमारे गुरुओं ने पूरे भारत की यात्राएं की। कहीं भी जाएं उनकी निशानी है। हमारे गुरुओं ने लोगों को प्रेरणा दी। अपनी चरणरज से इस भूमि को पवित्र किया। इसलिए सिख परंपरा वास्तव में एक भारत श्रेष्ठ भारत की जीवंत परंपरा है। आजादी की लड़ाई और आजादी के बाद सिख समाज का देश के लिए जो योगदान है उसके लिए पूरा भारत कृतज्ञता अनुभव करता है। 

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी के चलते देश में बिजली संकट, एक चौथाई पावर प्लांट बंद, कोयले की आवाजाही के लिए यात्री ट्रेनें रद्द

Share this article
click me!