
बेंगलुरु। कर्नाटक में मई में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले भाजपा ने राज्य में अपना अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को दो महीने में सातवीं बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक पहुंचे। पीएम सबसे पहले चिक्काबल्लापुर में स्थित सर एम विश्वेश्वरैया की समाधि स्थल पर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद नरेंद्र मोदी ने चिक्काबल्लापुर में 'श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च' का उद्घाटन किया। उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो के व्हाइटफील्ड (कादुगोडी) से कृष्णराजपुरा मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया। पीएम ने मेट्रो ट्रेन में यात्रा के दौरान छात्रों और मेट्रो के कर्मचारियों से बातचीत की। बेंगलुरु मेट्रो का यह हिस्सा 13.71 किलोमीटर लंबा है। इसपर करीब 4250 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
सबका प्रयास से देश बनेगा विकसित
'श्री मधुसूदन साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च' के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने कहा, "आजादी के 'अमृत महोत्सव' में देश ने विकसित होने का संकल्प लिया है। कई बार लोग पूछते हैं कि भारत कैसे विकसित बनेगा? इतनी चुनौतियां हैं, इतना काम है, इतने कम समय में पूरा कैसे होगा? इस सवाल का जवाब है- सबका प्रयास। हर देशवासी के साझा प्रयासों से ये संभव होने वाला है।"
नरेंद्र मोदी ने कहा- “बीते 9 वर्षों में भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बहुत ईमानदारी और कुशलता से काम करने का प्रयास किया गया है। देश में चिकित्सा शिक्षा से जुड़े अनेक रिफॉर्म किए गए हैं। हमारी सरकार बेटियों को ऐसा जीवन देने में जुटी है, जिससे वो भी स्वस्थ रहें और आने वाली संतान भी स्वस्थ रहे। आरोग्य के साथ-साथ माताओं, बहनों, बेटियों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी डबल इंजन सरकार का पूरा ध्यान है।”
इसके बाद पीएम ने दावणगेरे में भाजपा की "विजय संकल्प यात्रा" के समापन पर आयोजित रैली को संबोधित किया। गौरतलब है कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 224 में से 104 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 78, JDS को 37 और अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली थी। बहुमत का आंकड़ा 113 है। वर्तमान कर्नाटक विधानसभा में भाजपा के 120, कांग्रेस के 72 और JDS के 30 विधायक हैं। दो सीट खाली हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.