Asianet News Hindi | Published : Jul 21, 2022 4:21 AM IST / Updated: Jul 22 2022, 06:32 AM IST

Presidential Election Results: द्रौपदी मुर्मू ने जीता चुनाव, बनीं पहली आदिवासी राष्ट्रपति

सार

नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election Results) में एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गईं हैं। राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती गुरुवार देर रात 4 राउंड में पूरी हुई। इसके साथ ही देश को 15वां राष्ट्रपति मिल गया। कुल 4754 वोट पड़े थे। गिनती के वक्त 4701 वोट वैध और 53 अमान्य पाए गए। कुल वोटों का कोटा 5,28,491 था। इसमें द्रौपदी मुर्मू को कुल 2824 वोट मिले। इनकी वैल्यू 6 लाख 76 हजार 803 थी। यशवंत सिन्हा को कुल 1877 वोट मिले, जिनकी वैल्यू 3 लाख 80 हजार 177 रही। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) के बीच मुकाबला हुआ। शुरू से ही द्रौपदी मुर्मू को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही थी। 

10:46 PM (IST) Jul 21

4 राउंड में पूरी हुई President election के वोटों की गिनती

राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती गुरुवार देर रात 4 राउंड में पूरी हुई। कुल 4754 वोट पड़े थे। गिनती के वक्त 4701 वोट वैध और 53 अमान्य पाए गए। कुल वोटों का कोटा 5,28,491 था। इसमें द्रौपदी मुर्मू को कुल 2824 वोट मिले। इनकी वैल्यू 6 लाख 76 हजार 803 थी। केरल से मुर्मू को सबसे कम सिर्फ एक और यूपी से सबसे ज्यादा 287 वोट मिले।

वहीं, यशवंत सिन्हा को कुल 1877 वोट मिले, जिनकी वैल्यू 3 लाख 80 हजार 177 रही। दूसरी तरफ सिन्हा को आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम से एक भी वोट नहीं मिले, जबकि उन्हें सबसे ज्यादा 216 वोट पश्चिम बंगाल से मिले।

07:51 PM (IST) Jul 21

द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव

द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। वह देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गईं हैं। तीसरे राउंड की मतगणना के बाद वह जीत गईं। उनके वोटों का मूल्य 5,77,777 हो गया है। उन्हें जीत के लिए 5,43,261 से अधिक मूल्य के वोटों की जरूरत थी। यशवंत सिन्हा को 2 लाख 61 हजार 62 वैल्यू के वोट मिले। इसमें राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों समेत 20 राज्यों के वोट शामिल हैं। बाकी के राज्यों की गिनती जारी है।

07:28 PM (IST) Jul 21

बीजेपी मुख्यालय में लोग मना रहे जश्न

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत के करीब पहुंच गईं हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर भारी भीड़ जुट गई है। लोग द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न मना रहे हैं।
 

06:37 PM (IST) Jul 21

17 विपक्षी सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग

बीजेपी ने दावा किया है कि विपक्ष के 17 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की है। 

06:06 PM (IST) Jul 21

मुर्मू को मिले 71.79% वोट

पहले राउंड में सांसदों के वोटों की गिनती हुई। दूसरे राउंड में 10 राज्यों के वोट गिने गए। अब तक हुई मतगणना में द्रौपदी मुर्मू को 71.79 फीसदी वोट मिले हैं।
 

05:37 PM (IST) Jul 21

द्रौपदी मुर्मू 812 वोट से आगे

दूसरे राउंड में कुल 1886 वैलिड वोटों की गिनती हुई, जिसका मूल्य 6,73,175 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1349 वोट मिले, जिसकी कीमत 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को 537 वोट मिले, जिसकी कीमत 1,89,876 है। मुर्मू सिन्हा से 812 वोट से आगे हैं। 10 राज्यों के वोटों की गिनती हुई है। बाकी राज्यों के वोटों की गिनती जारी है।

04:32 PM (IST) Jul 21

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया डांस

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू आगे चल रहीं हैं। बीजेपी के नेता इस अवसर पर जश्न मना रहे हैं। लोक कलाकार डांस कर रहे हैं। एक ऐसे ही कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आदिवासी कलाकारों के साथ डांस किया। 
 

04:26 PM (IST) Jul 21

नरेंद्र मोदी देंगे रामनाथ कोविंद को विदाई भोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को विदाई भोज देंगे। इसका आयोजन शुक्रवार शाम 5:30 बजे दिल्ली के होटल अशोका में किया गया है। 
 

04:20 PM (IST) Jul 21

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले-द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुना जाएगा

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश इतिहास रचने जा रहा है। द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने जा रही हैं। ऐसी पृष्ठभूमि की नेता के देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचना लोकतंत्र के लिए उपलब्धि है। समाज के वंचित वर्ग, आदिवासियों, महिलाओं और पूर्वी भारत में अपार खुशी है कि पहली बार लोकतंत्र का सही अर्थ सामने आ रहा है। देश इतिहास रचने जा रहा है। 

03:45 PM (IST) Jul 21

द्रौपदी मुर्मू के घर पर मन रहा जश्न

राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का घर ओडिशा के रायरंगपुर में है। यहां आदिवासी कलाकर ढोल-नगाड़े बजाकर डांस कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग द्रौपदी मुर्मू के घर के बाहर जुट हैं। 
 

03:03 PM (IST) Jul 21

सांसदों के 332 वोट से पिछड़े सिन्हा

सांसदों से मिले वोटों के मामले में यशवंत सिन्हा द्रौपदी मुर्मू से 332 वोट से पिछड़ गए हैं। वहीं, वोटों की वैल्यू के मामले में सिन्हा मुर्मू से 2,32,400 से पीछे हैं। अब विधायकों के वोटों की गिनती की जा रही है। 


 

02:50 PM (IST) Jul 21

540 सांसदों ने दिया मुर्मू को वोट

पहले राउंड की गिनती हो गई है। सभी सांसदों के वोट गिन लिए गए हैं। कुल 748 सांसदों ने वोट दिया था। इनमें से 540 ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। वहीं, 208 ने यशवंत सिन्हा को वोट दिया। सांसदों के वोट की कुल वैल्यू 523600 है। द्रौपदी मुर्मू को मिले वोटों की वैल्यू 378000 और यशवंत सिन्हा को मिले वोटों की वैल्यू 145600 है। 15 सांसदों के वोट अमान्य हो गए हैं।
 

02:15 PM (IST) Jul 21

द्रौपदी मुर्मू के घर पर जश्न शुरू

पहले सांसदों द्वारा डाले गए वोटों की गिनती हो रही है। इसके बाद विधायकों के वोटों की गिनती होगी। दूसरी ओर ओडिशा के रायरंगपुर गांव में द्रौपदी मुर्मू के घर पर जश्न शुरू हो गया है। आदिवासी कलाकार ढोल नगाड़े बजा रहे हैं।
 

01:04 PM (IST) Jul 21

मुर्मू को बधाई देने जाएंगे नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिजल्ट आने के बाद एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने जाएंगे। शाम चार बजे तक रिजल्ट आने की संभावना है। वोटों की गिनती जारी है।


 

11:58 AM (IST) Jul 21

दिल्ली आ रहे हैं आदिवासी नेता

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बनेंगी। यह न केवल आदिवासी, बल्कि देश में सभी के लिए गर्व की बात होगी। देश के सभी प्रमुख आदिवासी नेता नई आदिवासी राष्ट्रपति का अभिवादन करने के लिए दिल्ली आ रहे हैं।
 

11:38 AM (IST) Jul 21

स्ट्रांग रूम से निकाली गईं मतपेटियां

राष्ट्रपति चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती जारी है। संसद के स्ट्रांग रूम के अंदर से मतपेटियां निकाली जा रही हैं। भारत में राष्ट्रपति चुनाव मतदान मतपत्रों के माध्यम से होता है। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल नहीं होता। भारी सुरक्षा के बीच सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की विधानसभाओं से मतपेटियों को संसद भवन में लाया गया था।

11:12 AM (IST) Jul 21

यशवंत सिन्हा ने की ईडी की निंदा

राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने ईडी की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि मैं राजनीतिक नेताओं को अपमानित करने के ईडी के रवैये की कड़ी निंदा करता हूं। ईडी के अधिकारियों को अगर सोनिया गांधी से सवाल पूछना था तो वे उनके घर भी जा सकते थे।
 

10:59 AM (IST) Jul 21

राष्ट्रपति चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती शुरू

राष्ट्रपति चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। संसद भवन के कमरा संख्या 63 में मतगणना हो रही है। शाम तक गिनती खत्म होने की संभावना है। इसके साथ ही देश को 15वां राष्ट्रपति मिल जाएगा।

10:46 AM (IST) Jul 21

आदिवासी समुदाय के लिए गर्व की बात

मतगणना से पहले द्रौपदी मुर्मू के भाई तारिनिसेन टुडु ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी बहन देश की अगली राष्ट्रपति बनेंगी। यह आदिवासी समुदाय, ओडिशा और देश के लिए गर्व की बात है।
 

09:51 AM (IST) Jul 21

सुबह 11 बजे से शुरू होगी गिनती

राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती संसद भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। शाम तक इसके खत्म होने की संभावना है। सभी राज्यों से मतपेटियां पहले ही संसद भवन पहुंच गईं हैं। मतदान अधिकारी संसद के स्ट्रांग रूम कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। 

09:51 AM (IST) Jul 21

99 प्रतिशत हुआ था मतदान

राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को संसद भवन और राज्यों के विधानसभाओं में मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कुल 4,796 मतदाताओं में से 99 प्रतिशत से अधिक ने राष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया। 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 100 प्रतिशत मतदान हुआ।


More Trending News