मन की बात: जन आंदोलन का रूप ले रहा आजादी का अमृत महोत्सव, किसानों के जीवन में मिठास घोल रहा शहद

Published : Jul 31, 2022, 10:30 AM ISTUpdated : Jul 31, 2022, 12:03 PM IST
मन की बात: जन आंदोलन का रूप ले रहा आजादी का अमृत महोत्सव, किसानों के जीवन में मिठास घोल रहा शहद

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रेडियो प्रोग्राम 'मन की बात' के 91वें संस्करण को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव जन आंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि 13 से 15 अगस्त तक चलाए जाने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल हों। 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' (Mann Ki Baat) के 91वें संस्करण को संबोधित किया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार ‘मन की बात’ बहुत खास है। इसका कारण है, इस बार का स्वतंत्रता दिवस। जब भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे करेगा। हम सभी बहुत अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनने जा रहे हैं। ईश्वर ने ये हमें बहुत बड़ा सौभाग्य दिया है। आजादी का अमृत महोत्सव जन आंदोलन का रूप ले रहा है।

पीएम ने कहा कि 31 जुलाई यानी आज ही के दिन हम सभी देशवासी शहीद उधम सिंह की शहादत को नमन करते हैं। मैं ऐसे अन्य सभी महान क्रांतिकारियों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी का अमृत महोत्सव जन आंदोलन का रूप ले रहा है। कुछ सप्ताह पहले, कर्नाटक में अमृता भारती कन्नडार्थी नाम का अनूठा अभियान चलाया गया। इसमें राज्य के 75 जगहों पर आजादी के अमृत महोत्सव से जुड़े बड़े भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें कर्नाटक के महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने के साथ ही स्थानीय साहित्यिक उपलब्धियों को भी सामने लाने की कोशिश की गई। मेघालय के बहादुर योद्धा यू. टिरोत सिंह की पुण्यतिथि पर लोगों ने उन्हें याद किया। टिरोत ने खासी हिल्स पर नियंत्रण करने और वहां की संस्कृति पर प्रहार करने की अंग्रेजों की साजिश का विरोध किया था।

पीएम ने कहा कि जुलाई में एक बहुत ही रोचक प्रयास हुआ है, जिसका नाम है आजादी की रेलगाड़ी और रेलवे स्टेशन। इस प्रयास का लक्ष्य है कि लोग आजादी की लड़ाई में भारतीय रेल की भूमिका को जानें। देश में अनेक ऐसे रेलवे स्टेशन है, जो स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़े हैं। झारखंड के गोमो जंक्शन को अब आधिकारिक रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो के नाम से जाना जाता है। इसी स्टेशन पर कालका मेल में सवार होकर नेताजी सुभाष ब्रिटिश अफसरों को चकमा देने में सफल रहे थे। आपने लखनऊ के पास काकोरी रेलवे स्टेशन का नाम सुना होगा। इस स्टेशन के साथ राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्लाह खान जैसे जांबाजों का नाम जुड़ा है। यहां ट्रेन से जा रहे अंग्रेजों के खजाने को लूटकर वीर क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों को अपनी ताकत का परिचय दिया था। 

हर घर तिरंगा अभियान में हों शामिल
नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' नाम का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का हिस्सा बनकर आप अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराएं या उसे अपने घर पर लगाएं। तिरंगा हमें जोड़ता है, हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है।

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में आयुष ने वैश्विक स्तर पर अहम भूमिका निभाई है। दुनियाभर में आयुर्वेद और भारतीय औषधियों के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। ये एक बड़ी बजह है कि आयुष एक्सपोर्ट में रिकॉर्ड तेजी आई है। इस क्षेत्र में कई नए स्टार्टअप सामने आ रहे हैं। कोरोना काल में औषधीय पौधों पर रिसर्च में बहुत वृद्धि हुई है। 

शहद की मिठास बदल रही किसानों का जीवन
प्रधानमंत्री ने कहा कि शहद की मिठास हमारे किसानों का जीवन बदल रही है। उनकी आय भी बढ़ा रही है। हरियाणा के यमुनानगर के मधुमक्खी पालक सुभाष कंबोज ने वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण लिया था। उन्होंने केवल छह बॉक्स के साथ काम शुरू किया। आज वह करीब दो हजार बॉक्स में मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। उनका शहद कई राज्यों में सप्लाई होता है। जम्मू के पल्ली गांव के विनोद कुमार डेढ़ हजार से ज्यादा कॉलोनियों में मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल रानी मक्खी पालन का प्रशिक्षण लिया है। इस काम से वह सालाना 15-20 लाख रुपए कमा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास और राजभवनों का घेराव करेगी कांग्रेस, 5 अगस्त को सामूहिक गिरफ्तारी देंगे कांग्रेसी

देश को गौरवान्वित कर रहे हैं युवा
नरेंद्र मोदी ने कहा कि क्लासरूम हो या खेल का मैदान, युवा हर क्षेत्र में देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। इसी महीने पीवी सिंधु ने सिंगापुर ओपन का अपना पहला खिताब जीता है। नीरज चोपड़ा ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप  में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता। आयरलैंड पारा बैडमिंटन इंटरनेशनल में भी हमारे खिलाड़ियों ने 11 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। हमारे एथलीट सूरज ने ग्रेको-रोमन इवेंट में कमाल कर दिया। उन्होंने 32 साल बाद इस इवेंट में कुश्ती का गोल्ड मेडल जीता। खिलाड़ियों के लिए पूरा महीना एक्शन से भरपूर रहा है। चेन्नई में 44वें चेस ओलंपियाड की मेजबानी करना भी भारत के लिए बड़े सम्मान की बात है। मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल हो रहे भारतीय खिलाड़ियों को देशवासियों की ओर से शुभकामनाएं देता हूं। 

यह भी पढ़ें-  देश के सबसे बड़े बैंक फ्रॉड केस के एक आरोपी के घर पर मिला अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर, सीबीआई ने किया सीज

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?