
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो प्रोग्राम मन की बात (Mann Ki Baat) के 105वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से अपने विचार शेयर किए। पीएम मोदी ने कहा, "जब चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा पर उतरने वाला था, तब करोड़ों लोग अलग-अलग माध्यमों के जरिए एक साथ इस घटना के पल-पल के साक्षी बने। ISRO के यूट्यूब लाइव चैनल पर 80 लाख से ज्यादा लोगों ने इस घटना को देखा। यह अपने आप में रिकॉर्ड है। इससे पता चलता है कि चंद्रयान-3 से करोड़ों भारतीयों का कितना गहरा लगाव है। चंद्रयान की इस सफलता पर देश में इन दिनों एक बहुत ही शानदार क्विज कॉम्पिटिशन भी चल रहा है। 'चंद्रयान-3 महाक्विज' के नाम से MyGov portal पर हो रहे कॉम्पिटिशन में अब तक 15 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा ले चुके हैं।"
पीएम ने कहा, "जब भारत बहुत समृद्ध था उस जमाने में हमारे देश में और दुनिया में सिल्क रूट की बहुत चर्चा होती थी। ये सिल्क रूट व्यापार-कारोबार का बहुत बड़ा माध्यम था। अब आधुनिक जमाने में भारत ने एक और इकोनॉमिक कॉरिडोर जी 20 में सुझाया है। ये है इंडियन-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर। यह आने वाले सैकड़ों वर्षों तक विश्व व्यापार का आधार बनने जा रहा है। इतिहास इस बात को हमेशा याद रखेगा कि इस कॉरिडोर का सूत्रपात भारत की धरती पर हुआ था।"
उन्होंने कहा, "27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस है। पर्यटन सेक्टर को बढ़ाने में देश के लिए गुडविल और उसके प्रति आकर्षण बहुत मैटर करता है। बीते कुछ वर्षों में भारत के प्रति आकर्षण बहुत बढ़ा है। जी20 के सफल आयोजन के बाद दुनिया के लोगों का भारत में इंटरेस्ट बढ़ गया है।"
इंस्टाग्राम पर छाई हुई हैं कैसमी
पीएम ने जर्मनी की कैसमी का जिक्र मन की बात में किया। पीएम ने कैसमी द्वारा संस्कृत और कन्नर में गाए गए गाने सुनाए इसके साथ ही कहा, "21 साल की कैसमी इन दिनों इंस्टाग्राम पर खूब झाई हुई है। जर्मनी की रहने वाली कैसमी कभी भारत नहीं आई है, लेकिन वो भारतीय संगीत की दीवानी है। कैसमी जन्म से ही देख नहीं पाती हैं, लेकिन ये मुश्किल चुनौती उन्हें असाधारण उपलब्धियों से रोक नहीं पाई।"
दुर्गम इलाकों के बच्चों तक पुस्तकें पहुंचा रही घोड़ा लाइब्रेरी
पीएम ने मन की बात में घोड़ा लाइब्रेरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "नैनीताल जिले में कुछ युवाओं ने बच्चों के लिए अनोखी घोड़ा लाइब्रेरी की शुरुआत की है। इस लाइब्रेरी की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि दुर्गम से दुर्गम इलाकों में भी इसके जरिए बच्चों तक पुस्तकें पहुंच रही हैं। यह सेवा बिल्कुल मुफ्त है। अब तक इसके माध्यम से नैनीताल के 12 गांवों को कवर किया गया है।"
मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी के पूरे नेटवर्क, दूरदर्शन, आकाशवानी वेबसाइट और न्यूजऑनएयर मोबाइल ऐप पर किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम को आाकशवाणी, डीडी न्यूज, पीएमओ और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी लाइव-स्ट्रीम किया गया। मन की बात की शुरुआत तीन अक्टूबर 2014 को हुई थी। इसके बाद से पीएम नरेंद्र मोदी इस रेडियो प्रोग्राम के जरिए देशवासियों से संवाद कर रहे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.