Mann Ki Baat: PM बोले- भारत की बेटियों के साहस की दुनिया में हो रही तारीफ, नारी शक्ति से बढ़ रहा देश का सामर्थ्य

Published : Mar 26, 2023, 06:33 AM ISTUpdated : Mar 26, 2023, 12:50 PM IST
Mann ki Baat

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो प्रोग्राम मन की बात (Mann Ki Baat) के जरिए देश को संबोधित किया। उन्होंने अंगदान करने वाली बच्ची के माता-पिता से बात की। उस बच्ची की मौत 39 दिन की उम्र में हो गई थी। 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो प्रोग्राम मन की बात (Mann Ki Baat) के 99वें एपिसोड में अपने विचार शेयर किए। उन्होंने अंग दान पर बात की है। पीएम ने मन की बात के लिए 39 दिन की उम्र में जान गंवाने वाली बच्ची के माता-पिता से बात की थी। उन्होंने बच्ची के अंग दान करने का फैसला किया था।

पीएम ने कहा, "आधुनिक मेडिकल साइंस के इस दौर में अंगदान किसी को जीवन देने का बहुत बड़ा माध्यम बन चुका है। कहते हैं, जब एक व्यक्ति मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करता है तो उससे 8 से 9 लोगों को एक नया जीवन मिलने की संभावना बनती है। देश में आज अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।" 

उन्होंने कहा, "मुझे संतोष है कि अंगदान को आसान बनाने और प्रोत्साहित करने के लिए पूरे देश में एक जैसी पॉलिसी पर भी काम हो रहा है। इस दिशा में राज्यों के डोमिसाइल की शर्त को हटाने का फैसला लिया गया है। अब देश में किसी भी राज्य में जाकर मरीज अंग प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन करा पाएंगे। सरकार ने अंगदान के लिए 65 वर्ष के कम उम्र की आयु-सीमा को भी खत्म करने का फैसला किया है।"

भारत की बेटियों के साहस की पूरी दुनिया में हो रही तारीफ
नरेंद्र मोदी ने कहा, "कुछ दिनों पहले मेरी मुलाकात उन जांबांज बेटियों से भी हुई जो तुर्किए में विनाशकारी भूकंप के बाद वहां के लोगों की मदद के लिए गयी थीं। ये सभी एनडीआरएफ के दस्ते में शामिल थीं। उनके साहस और कुशलता की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। आज देश की बेटियां हमारी तीनों सेनाओं में अपने शौर्य का झंडा बुलंद कर रही हैं। ग्रुप कैप्टन शालिजा धामी कॉम्बैट यूनिट में कमांड तैनाती पाने वाली पहली महिला वायुसेना अधिकारी बनी हैं। इसी तरह भारतीय सेना की जांबाज कैप्टन शिवा चौहान सियाचिन में तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बनी हैं।"

नारी शक्ति के चलते नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है भारत का सामर्थ्य

मोदी ने कहा, "आज, भारत का जो सामर्थ्य नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है, उसमें बहुत बड़ी भूमिका हमारी नारी शक्ति की है। आपने सोशल मीडिया पर एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव को जरूर देखा होगा। सुरेखा एक और कीर्तिमान बनाते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस की भी पहली महिला लोको पायलट बन गईं हैं। इसी महीने प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा और डायरेक्टर कार्तिकी गोंजाल्विस की डॉक्यूमेंट्री 'Elephant whisperers' ने ऑस्कर जीतकर देश का नाम रौशन किया है। देश के लिए एक और उपलब्धि भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की वैज्ञानिक ज्योतिर्मयी मोहंती ने भी हासिल की है। ज्योतिर्मयी को केमिस्ट्री और केमिकल इंजीनियरिंग की फिल्ड में IUPAC का विशेष अवार्ड मिला है। इसी वर्ष की शुरुआत में ही भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने T-20 वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचा। आज आप राजनीति की ओर देखेंगे तो एक नई शुरुआत नागालैंड में हुई है। नागालैंड में 75 वर्षों में पहली बार दो महिला विधायक जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। इनमें से एक को नागालैंड सरकार में मंत्री भी बनाया गया है। राज्य के लोगों को पहली बार एक महिला मंत्री भी मिली हैं।"

ऑल इंडिया रेडियो पर कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क के साथ-साथ आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूजऑनएयर मोबाइल ऐप पर हुआ। इसका सीधा प्रसारण सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, आकाशवाणी समाचार', डीडी समाचार', पीएमओ और यूट्यूब चैनलों पर भी किया गया। हिंदी प्रसारण के बाद आकाशवाणी क्षेत्रीय भाषाओं में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?