
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक केआर रमेश कुमार (KR Ramesh Kumar) को उनके रेप वाले बयान (Enjoy Rape Remark) पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने फटकार लगाई है। प्रियंका ने कहा कि ये समझ से बाहर है कि कोई ऐसे शब्द कैसे बोल सकता है। ये अक्षम्य है। रेप एक जघन्य अपराध है।
दरअसल, कांग्रेस विधायक ने गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में किसानों पर चर्चा के दौरान एक आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। रमेश कुमार ने राज्य में बारिश से किसानों को हुए नुकसान पर बोलने के लिए विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी से समय की मांग की थी। अध्यक्ष ने समय की कमी की बात करते हुए रमेश को बोलने का वक्त नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सभी को समय देते रहे तो सत्र कैसे चलेगा। उन्होंने कांग्रेस नेता रमेश कुमार की ओर देखते हुए विधायकों से कहा कि आप जो भी फैसला करेंगे मैं मानूंगा। जैसा चल रहा है चलने दें और स्थिति का आनंद लें। मैं व्यवस्था को नियंत्रित नहीं कर सकता। मेरी चिंता सदन के कामकाज को लेकर है। इसे भी पूरा करना जरूरी है। अध्यक्ष की ओर से इतना कहने पर कांग्रेस विधायक रमेश कुमार ने कहा 'एक कहावत है कि जब दुष्कर्म अपरिहार्य हो तो लेट जाओ और इसका आनंद लो। आप ठीक इसी स्थिति में हैं।'
दिल्ली तक गरमा गई सियासत
कांग्रेस विधायक रमेश कुमार के इस बयान पर दिल्ली तक सियासत गरमा गई। मामला बढ़ा तो रमेश कुमार ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली। कांग्रेस के नेताओं ने भी विधायक रमेश कुमार को तलाड़ लगाई। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष और सदन में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक के बीच अत्यधिक आपत्तिजनक और असंवेदनशील मजाक के आदान-प्रदान को अस्वीकार करती है।
संरक्षक और वरिष्ठ विधायकों के रूप में अध्यक्ष से आदर्श होने की उम्मीद की जाती है और इस तरह के अस्वीकार्य व्यवहार से दूर रहना चाहिए। कांग्रेस के राज्यसभा नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करता हूं। वह अध्यक्ष और मंत्री रहे हैं। मुझे यह पसंद नहीं आया। उन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है, लेकिन ऐसी भाषा निंदनीय है। हम महिलाओं का सम्मान करते हैं। अध्यक्ष टिप्पणी पर हंस रहे थे, हमें भी यह मंजूर नहीं है।
समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने इस टिप्पणी को शर्मनाक बताया। जया बच्चन ने कहा कि मुझे यह सोचने में भी शर्म आती है कि ऐसी मानसिकता के लोग विधानसभा या सांसद में हो सकते हैं। मुझे नहीं पता कि क्या कार्रवाई की जाएगी। उनकी पार्टी को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। मैं अवाक हूं। क्या वह घर पर महिलाएं नहीं हैं? यह सोच में एक बुनियादी दोष का परिणाम है।
ये भी पढ़ें
कांग्रेस नेता के बिगड़े बोल, विधानसभा में कहा- 'रेप रोकना नामुमकिन हो तो इसका आनंद लो'
अखिलेश ने गंगा एक्सप्रेस-वे को बताया मायावती का सपना, कहा- BSP के कामों पर BJP की नजर
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.