पहलवानों का प्रदर्शन: समर्थन में जंतर-मंतर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा, FIR के बाद पहली बार क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह?

भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का प्रदर्शन जारी है। शनिवार सुबह कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा जंतर-मंतर पहुंची और महिला पहलवानों से बात की। एफआईआर के बाद बृजभूषण सिंह ने पहली प्रतिक्रिया दी है।

Manoj Kumar | Published : Apr 29, 2023 5:33 AM IST / Updated: Apr 29 2023, 12:16 PM IST

Wrestlers Protest New Delhi. दिल्ली पुलिस ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पहलवान शनिवार को कनॉट प्लेस थाने पहुंचे ताकि एफआईआर की कॉपी ले सकें। वहीं अब राजनीति के दिग्गज भी पहलवानों को समर्थन देने के लिए जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। शनिवार की सुबह कांग्रेस लीडर प्रियंका गांधी वाड्रा महिला पहलवानों को समर्थन देने के लिए जंतर मंतर पहुंची। इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता भी पहुंचे थे। दूसरी तरफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पहली बार बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि वे पूरी तरह से निर्दोष हैं।

पहलवानों का प्रदर्शन: प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र पर साधा निशाना

पहलवानों के प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद को बचाने में सरकार का रोल है। उन्होंने यह भी कहा कि जो एफआईआर दर्ज की गई है, उसकी कॉपी पहलवानों के साथ शेयर की जानी चाहिए। प्रियंका ने कहा कि यह लड़कियां जब मेडल जीतकर आती हैं तो सभी लोग ट्वीट करते हैं। तब लोग कहते हैं कि यह देश की शान हैं लेकिन जब ये सड़क पर न्याय मांग रही हैं तो इनकी बात सुनने तक के लिए सरकार तैयार नहीं है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष को तुरंत हटाने की मांग की है और कहा कि इस व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन्हें सबसे पहले तो इस्तीफा दे देना चाहिए। वे पद पर रहेंगे तो खिलाड़ियों का करियर बर्बाद करने की कोशिश होगी। प्रियंका ने पीएम मोदी पर भी हमला किया और कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से कोई उम्मीद नहीं है। उन्हें इन एथलीट्स की जरा सी फिक्र होती तो वे इन्हें बुलाते और बात सुनते। पदक जीतने पर तो टी पार्टी देते हैं लेकिन अब भी इन्हें बुलाना चाहिए और बातें सुननी चाहिए।

पहलवानों का प्रदर्शन: एफआईआर के बाद क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह

पहलवानों के प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके डेवलपमेंट के बाद पहली बार बृजभूषण सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। भारतीय कुश्ती संघ के प्रेसीडेंट ने कहा कि इस्तीफा देना कोई इतनी बड़ी चीज नहीं है। उन्होंने दावा किया वे पूरी तरह से निर्दोष हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरा कार्यकाल लगभग पूरा होने वाला है। मैं कोई अपराधी नहीं हूं। अगर मैं इस्तीफा देता हूं तो इसका मतलब यह होगा कि इन पहलवानों की ओर से लगाए गए आरोप सही हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। मैं चाहता हूं कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। मुझे दिल्ली पुलिस पर भी पूरा भरोसा है।

पहलवानों का प्रदर्शन:  दिल्ली सीएम केजरीवाल का एथलीट्स को समर्थन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने के लिए आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज पहले ही पहुंच चुके हैं। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री भी पहलवानों के साथ एकजुटता दिखाएंगे। वहीं पहलवान पुनिया ने आरोप लगाया है कि हमारे लिए न तो पानी की व्यवस्था है और न ही खाने का कोई इंतजाम हो पा रहा है। पुनिया ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस हमें टार्चर कर रही है।

यह भी पढ़ें

Mann Ki Baat@100: नेशनल कान्क्लेव में महिला ने बच्चे को दिया जन्म, परिवार के लोग बोले- हमारे लिए यादगार रहा कार्यक्रम

 

Share this article
click me!