Prophet Row: शब्द बन गए चिंगारी, 10 प्वाइंट में समझें देश में अब तक क्या-क्या हुआ

पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) के खिलाफ की विवादित टिप्पणी के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा हुई। दुनिया के इस्लामिक मुल्कों (Islamic Countries) ने भारत पर सवाल उठाए। अभी भी बयानों और प्रतिक्रिया का सिलसिला जारी है।

Manoj Kumar | Published : Jun 11, 2022 1:12 PM IST / Updated: Jun 11 2022, 06:48 PM IST

नई दिल्ली. पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद देश में कई जगहों पर माहौल तनावपूर्ण हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए हिंसक प्रदर्शन, पत्थरबाजी, फायरिंग की घटनाएं देखने को मिली। यूपी में जहां दंगाईयों की गिरफ्तारियां की जा रही हैं, वहीं झारखंड में इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई है। पश्चिम बंगाल में लगातार दूसरे दिन भी हिंसा का दौर देखा गया। केंद्र व राज्य सरकारें बवाल रोकने की कोशिशें कर रही हैं लेकिन शब्दों से लगी चिंगारी बुझने का नाम नहीं ले रही। 10 प्वाइंट में आप समझ सकते हैं, कहां, क्या हुआ।

1. बीजेपी नेताओं की विवादित टिप्पणी
बीजेपी नेता नुपूर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी की। हालांकि टिप्पणी के बाद ही प्रतिक्रिया आने लगी और उन्हें टिप्पणी पर माफी भी मांगी। लेकिन यह विवाद कम होने की बजाय बढ़ता ही गया। दुनिया के कई देशों में यह भी विवाद पहुंचा तो बीजेपी ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। 

2. इस्लामिक देशों का विरोध
बीजेपी नेताओं की विवादित टिप्पणी के बाद अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक संगठन ने कड़े शब्दों में निंदा की। यूनाईटेड अरब अमीरात, ओमान, इंडोनेशिया, ईरान, मालदीव, जार्डन, लीबिया और बहरीन ने बयान की निंदा की। इतना ही नहीं कुवैत, कतर और ईरान ने भारतीय राजनयिकों को तलब किया और विरोध दर्ज कराया। सउदी अरब ने स्टेटमेंट जारी कर विवाद की निंदा की। 

3. आईओसी ने की निंदा
आर्गनाइजेश आफ इस्लामिक कूपरेशन (IOC) ने सउदी अरब के शहर जेद्दा में विरोध जताया। आईओसी ने कहा कि एक भारतीय टीवी चैनल पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन से जुड़े कई देशों में भारतीय प्रोडक्ट न खरीदने की रिपोर्ट भी सामने आई। 

4. विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब
इस्लामिक देशों द्वारा विरोध दर्ज कराने और आईओसी की टिप्पणी पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी जवाब दिया। विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि विवादित टिप्पणी से भारत सरकार का कोई लेना देना नहीं है। भारत सरकार का यह विचार नहीं है। हालांकि विदेश मंत्रालय के जवाब से भी कई देश संतुष्ट नहीं हुए।

5. बीजेपी ने की कार्रवाई
नेताओं की टिप्पणी पर बवाल मचने के बाद बीजेपी ने भी अपना स्टैंड क्लीयर किया और कहा कि पार्टी किसी भी तरह किसी धर्म का विरोध नहीं करती। पार्टी सभी की धार्मिक आस्था में विश्वास करती है। पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने वाले दोनों नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बीजेपी ने टिप्पणी करने वालों फ्रिंग एलीमेंट बताया।

6. दिल्ली में दर्ज एफआईआर
विवादित टिप्पणी मामले में दिल्ली पुलिस ने नुपूर शर्मा, नवीन जिंदल, ओवैसी, मुनव्वर फारुखी समेत कुल नौ लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इन सभी पर विवादित टिप्पणी करने, लोगों की भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया गया है। दिल्ली पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। 

7. देश में मचा राजनैतिक घमासान
पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद देश में भी राजनैतिक घमासान मचा हुआ है। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने देश को घुटनों पर ला दिया है और इसका खामियाजा सभी लोगों को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी की यही नीति है और वह लोगों को सिर्फ बेवकूफ बना रही है। कई विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरा है।

8. अलकायदा ने दी धमकी 
पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी से बौखलाए आतंकी संगठन अल कायदा ने भी धमकी भरा लेटर जारी किया है। जिसमें कहा गया कि वे इसके विरोध में भारतीय शहरों में आत्मघाती हमले करेंगे। विवादित नेताओं को भी लगातार फोमन पर धमकियां मिल रही हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की।

9. देश में मुस्लिम संगठनों का विरोध
देश के कई मुस्लिम संगठनों ने टिप्पणी पर विरोध जताया है। बंगाल के इमाम एसोसिशन ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान देने वाले दोनों पर यूएपीए लगाना चाहिए और उन्हें जेल में डालना चाहिए। कई संगठनों ने फांसी की सजा की मांग की है। कर्नाटक में विरोध स्वरूप उनके पुतलों को फांसी पर लटकाया गया। 

10. नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन
पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए। यूपी के दर्जनभर शहरों में पत्थरबाजी हुई, झारखंड में आगजनी, गोलीबारी की घटनाएं हुईं। पश्चिम बंगाल में दूसरे दिन भी हिंसा जारी है। कश्मीर से लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों तक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच समर्थन और विरोध में बयानबाजी भी हो रही है। 

यह भी पढ़ें

UP के 8 शहरों में हिंसा, अब तक 227 गिरफ्तार, झारखंड में इंटरनेट ठप, पश्चिम बंगाल में फिर से बढ़ा तनाव
 

Read more Articles on
Share this article
click me!