
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। सूत्रों से ऐसी जानकारी मिल रही है कि राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं। वह केरल के वायनाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 26 अप्रैल को यहां मतदान होने वाला है। इसके बाद राहुल गांधी रायबरेली से नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस सीट से सोनिया गांधी चुनाव लड़ती थीं। वह राज्यसभा चली गईं हैं।
सूत्रों से जानकारी मिली है कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी अयोध्या जाएंगे और राम मंदिर में पूजा करेंगे। इसके बाद वे रायबरेली जाएंगे। 26 अप्रैल से रायबरेली में नामांकन शुरू होने वाला है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इस बात की बहुत संभावना है कि राहुल गांधी या प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं। दोनों यहां से चुनावी मैदान में उतरना चाहते हैं।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार अगर राहुल गांधी या प्रियंका गांधी चुनाव लड़ते हैं तो 1 मई से 3 मई के बीच पर्चा दाखिल कर सकते हैं। 3 मई नामांकन की आखिरी तारीख है।
अमेठी में राहुल गांधी को मिली थी हार
राहुल गांधी 2004 में सबसे पहले अमेठी से चुनाव लड़े थे। वह तीन बार लगातार इस सीट से सांसद बने। 2019 के आम चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हरा दिया था। राहुल गांधी केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे थे। वहां उनको जीत मिली थी। भाजपा ने 2024 में भी स्मृति ईरानी को अमेठी से टिकट दिया है। स्मृति ईरानी ने कई बार राहुल गांधी को अमेठी से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने साधा PM पर निशाना, बोले एक्सरे की बात करते ही कांपने लगे Modi
कांग्रेस का गढ़ है रायबरेली
दूसरी ओर रायबरेली कांग्रेस का गढ़ है। 2004 से सोनिया गांधी के पास रायबरेली सीट थी। फरवरी में सोनिया गांधी राज्यसभा चली गईं। उन्होंने घोषणा की कि वह 2024 में रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ेंगी। रायबरेली उत्तर प्रदेश की एकमात्र सीट थी जहां कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतने में कामयाब हुई थी। इसके बाद से लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के गढ़ रायबरेली और अमेठी को कोई गांधी दावेदार मिलेगा। दोनों सीटों पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा।
यह भी पढ़ें- अनुराग ठाकुर का बड़ा बयान, राहुल गांधी और ओवैसी दोनों औरंगजेब विचारधारा वाले स्कूल के पढ़ें
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.