
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा पिछले दिनों यूके के कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान को लेकर भाजपा नेता हमलावर हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी को ऐसा नेता बताया है जो दूसरी दुनिया से आया प्रतीत हो रहा है। वह विदेशी लोगों को प्रभावित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट कर बताया कि राहुल राजवंश के ऐसे राजकुमार की तरह व्यवहार कर रहे हैं जिन्हें अपने देश और यहां की सच्ची समस्याओं की जानकारी नहीं है।
भारत को राष्ट्र नहीं मानते हैं राहुल गांधी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि आज भारत G20 की अध्यक्षता कर रहा है। पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का लोहा मान रहा है। वहीं, दूसरी ओर देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के नेता राहुल गांधी विदेश जाकर कह रहे हैं कि हिंदुस्तान बर्बाद हो गया है। राहुल गांधी नहीं मानते की हिंदुस्तान एक राष्ट्र है। वह कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में जाकर कहते हैं कि भारत एक समझौता है। वह चीन को राष्ट्र मानते हैं। राहुल कहते हैं कि चीन सद्भाव चाहता है, वहां राष्ट्रवाद है क्योंकि वहां येलो रिवर है। राहुल गांधी को चीन की येलो रिवर दिखती है, लेकिन भारत की गंगा नदी नहीं दिखी।
संबित पात्रा ने कहा, "राहुल गांधी विदेश जाकर कहते हैं कि हम विपक्ष के नेता हैं। हमें बोलने नहीं दिया जाता है। वह कहते हैं कि उनके फोन में पेगासस था, लेकिन जब पेगासस मामले पर मोबाइल को जांच के लिए मांगा गया तब न तो राहुल गांधी ने अपना फोन दिया और न उनके पार्टी के किसी नेता ने।
कांग्रेस कराती थी अपने लोगों के फोन टेप
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस अपने शासनकाल में अपनी पार्टी के नेताओं का भी फोन टेप कराती थी। यूपीए-2 में वित्त मंत्री रहे प्रणब मुखर्जी ने कहा था कि सोनिया गांधी के कहने पर उनके कमरे को बग कराया गया। मैं जो बातें करता हूं, वह सुन लेती हैं। यूपीए 2 में RTI में बताया गया था कि 9000 फोन टेप होते थे और बाद में ये संख्या बढ़कर एक लाख हो गई थी।"
यह भी पढ़ें- कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी- भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला, मेरे फोन की कराई गई जासूसी
उन्होंने कहा, "तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश की सुरक्षा के लिए हम फोन टेपिंग कराते हैं। आप फोन टेप कराते थे और यहां पेगासस मामले में जांच होने के बावजूद आपने फोन जमा नहीं किया और विदेश की धरती पर जाकर कहते हैं कि हमारे देश में लोकतंत्र नहीं है।"
यह भी पढ़ें- दिल्ली शराब नीति केस: जेल में मनेगी सिसोदिया की होली, जमानत अर्जी पर 10 मार्च को होगी सुनवाई
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.