
नई दिल्ली। बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हुआ। यूके में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान के चलते सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा शुरू हो गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन जाकर भारत को बदनाम किया। वे सदन में आकर माफी मांगें।
दरअसल, राहुल गांधी ने पिछले दिनों यूके के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा था कि भारत में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता है। संसद में उनके माइक को बंद कर दिया जाता है। इस मुद्दे पर केंद्र सरकार ने राहुल गांधी पर हमला किया। लोकसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था तहस नहस हो गई है। वह सदन में आकर देश से माफी मांगें।
राजनाथ सिंह ने कहा, "राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि विदेशी ताकतों को भारत के लोकतंत्र को बचाना चाहिए। उन्होंने भारत की गरिमा और प्रतिष्ठा पर गहरी चोट पहुंचाने की कोशिश की है। मैं मांग करता हूं कि पूरे सदन द्वारा उनके इस व्यवहार की निंदा की जानी चाहिए और अध्यक्षजी आपके द्वारा निर्देश दिया जाना चाहिए कि संसद के फोरम पर आकर वह इसके लिए क्षमा याचना करें।" हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
पीयूष गोयल बोले- सदन में आकर देश से माफी मांगें राहुल गांधी
राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में देश की गरिमा को गिराया है। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र पर हमला किया और भारत और संसद के लोगों का अपमान किया। भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। सांसद संसद में बोल सकते हैं। राहुल गांधी को संसद में आकर देश से माफी मांगनी चाहिए।
पीयूष गोयल के बयान का जवाब राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया। इस दौरान हंगामा होने पर सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कहा कि मैंने किसी को बोलने के नहीं रोका।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.