
नई दिल्ली। इनकम टैक्स विभाग द्वारा बैंक अकाउंट फ्रीज किए जाने को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर जमकर हमला किया गया।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश के लोग कांग्रेस को वोट नहीं दे रहे हैं तो भाजपा इसके लिए क्या कर सकती है। क्या हम आपके लिए प्रचार करें? यह तो होने वाला नहीं है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी का मार्केट लगातार गिर रहा है। कांग्रेस पार्टी जितना राहुल गांधी से बुलवाएगी उतना उसका मार्केट गिरेगा। कांग्रेस ने देश से झूठ बोला है। कांग्रेस हार के बहाने खोज रही है।
हार की हताशा में बहाना खोज रही कांग्रेस
रविशंकर प्रसाद ने कहा, "आज कांग्रेस पार्टी ऑफिस से बहुत ज्ञान मिला है। राहुल गांधी ने तो ऐसा ज्ञान दिया है कि देश को भी काफी समय लगा समझने में। अगर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खड़गे के प्रेस के कॉन्फ्रेंस को एक शब्द में कहा जाए तो हार की हताशा में बहाना ढूंढ़ा गया है। कांग्रेस पार्टी का अकाउंट अगर फ्रीज किया गया है तो देश का अकाउंट फ्रीज किया गया है। ये तो कमाल है।"
उन्होंने कहा, “मुझे जेपी आंदोलन के दिनों की याद आ गई। इंदिरा इस इंडिया, इंडिया इस इंदिरा। कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से सूखकर कांटा हो गई है फिर भी कांग्रेस पार्टी का अकाउंट अगर फ्रीज हुआ तो देश का अकाउंट फ्रीज हुआ। राहुल गांधी आप देश का मतलब क्या समझते हैं? भारत के लोकतंत्र का अपमान नहीं करें। ये देश आपकी पार्टी से बड़ा है। इस देश का लोकतंत्र आपसे बड़ा है। आपने झूठ बोला है, गाली दी है। देश ने इसे देखा है। आप झूठ बोल सकते हैं, गाली दे सकते हैं, देश सुन रहा है। आपको ये तक अधिकार है। और कह रहे हैं देश में लोकतंत्र नहीं है।”
यह भी पढ़ें- इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई पर राहुल बोले- देश में नहीं लोकतंत्र, PM कर रहे क्रिमिनल एक्शन
राहुल गांधी जितना बोलेंगे कांग्रेस का मार्केट उतना गिरेगा
रविशंकर प्रसाद ने कहा, "राहुल गांधी, सोनिया गांधी, आपको देश की जनता वोट नहीं देती तो हम क्या करें? अगर राहुल गांधी को ये अपेक्षा है कि भाजपा के मित्र उनके लिए कैंपेन करें तो ये तो करने वाले नहीं हैं। उनका तो स्टॉक मार्केट इतना गड़बड़ाया हुआ है। आज मैं कांग्रेस के लोगों को एक बात कहना चाहूंगा। हम भी चाहते हैं कि विपक्ष के रूप में कांग्रेस पार्टी पनपे। कितना पनपे उनका विषय है। कांग्रेस पार्टी यह समझे कि जब-जब राहुल गांधी से मुंह खुलवाएंगे तब-तब स्टॉक मार्केट और गिरेगा।"
यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक, भाजपा को मिल रहा परिवारवादी पार्टियों का साथ
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.