
नई दिल्ली. चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का संपर्क रात करीब 2 बजे यानी लैंडिंग से सिर्फ 69 सेकंड पहले इसरो से संपर्क टूट गया। लेकिन वैज्ञानिकों ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी, वे लगातार विक्रम से संपर्क साधने में जुटे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने इसरो के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया है। सोनिया गांधी ने बयान जारी कर कहा, चंद्रयान का सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है, लेकिन मुझे विश्वास है कि हम जरूर वहां कल पहुंचेंगे।
सोनिया ने कहा, हम इसरो से जुड़े सभी पुरुष-महिला वैज्ञानिकों के ऋणी हैं। इनकी कड़ी मेहनत ने ही भारत को अंतरिक्ष की दुनिया में शक्तिशाली देशों में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि इसरो का इतिहास ऐसी कई मिसालों से भरा पड़ा है, जब हमने नाकामी से उम्मीद पैदा की। वे कभी हार नहीं माने। मुझे भरोसा है कि हम वहां पहुंचेंगे। आज नहीं पहुंच पाए, लेकिन कल जरूर पहुंचेंगे।
राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, ''चंद्रयान-2 मिशन के लिए इसरो की टीम को बधाई। आपका जुनून और समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। आपका काम बेकार नहीं जाएगा।''
अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ''चंद्रयान-2 को लेकर इसरो की कोशिशों के लिए हर भारतीय गौरवान्वित है। प्रतिबद्ध और कठिन मेहनत करने वाले हमारे वैज्ञानिकों के साथ पूरा भारत है। भविष्य की यात्रा के लिए शुभकामनाएं।''
प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ''इसरो टीम पर सभी को गर्व है। असफलता जीवन का एक हिस्सा है। उसके बिना कोई सफलता नहीं मिलती। पूरा देश आपके साथ है और आप पर विश्वास करता है।''
ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इसरो के वैज्ञानिकों की तारीफ की। उन्होंने ट्वीट किया, ''हमें वैज्ञानिकों पर गर्व है। चंद्रयान 2 के लिए इसरो ने कड़ी मेहनत की। हम सब आपके साथ हैं। आप हमें हमेशा गौरवान्वित होने का मौका देते रहेंगे।'
अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा, ''हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है। उन्होंने इतिहास रच दिया। निराश होने की जरूरत नहीं। हमारे वैज्ञानिकों ने शानदार काम किया। जय हिंद।''
सीताराम येचुरी
चंद्रयान-2 मिशन को लेकर सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ''हमारे वैज्ञानिकों ने आज जो पाया, उससे पता चलता है कि उन्होंने कैसे अपना संघर्ष जारी रखा। शाबाश, हमारे वैज्ञानिक इतनी दूर तक पहुंचे। हमें विश्वास है कि अगला कदम और संतोषजनक होगा।
निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाते हुए ट्वीट किया बढ़ाया। उन्होंने लिखा, 'हम आपके साथ हैं इसरो... आपको सफलता मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ''हमें भारतीय वैज्ञानिकों, उनके परिश्रम, प्रतिभा पर गर्व है। आप सभी निरंतर हमारे प्रेरणा स्रोत हैं। पूरा देश आप सभी के साथ खड़ा है।''
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.