पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
12:56 PM (IST) Feb 20
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बन गई है। रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता ने सीएम पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद नरेंद्र मोदी ने भीड़ का अभिवादन किया। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने हाथ जोड़कर सीएम रेखा गुप्ता को प्रणाम किया। बदले में रेखा गुप्ता ने भी उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया।
12:39 PM (IST) Feb 20
पंकज सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है। विकासपुरी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए पंकज राजपूत समाज से हैं। वह पूर्वांचल से आते हैं। दो बार एमसीडी में पार्षद रह चुके हैं।
12:37 PM (IST) Feb 20
2019 में आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कपिल मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली है। वह करावलनगर सीट से विधायक चुने गए हैं। वह आप सरकार में मंत्री थे। ब्राह्मण समाज से आने वाले कपिल मिश्रा पूर्वांचल से हैं।
12:35 PM (IST) Feb 20
रविंद्र इंद्राज सिंह ने मंत्री पद का शपथ ली है। बवाना सीट से विधायक चुने गए रविंद्र इंद्राज सिंह ने शपथ लेने के बाद जय श्री राम का नारा लगाया।
12:33 PM (IST) Feb 20
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने चौथे नंबर पर शपथ ली। 2021 में अकाली दल छोड़कर भाजपा में आए सिरसा मंत्री बने हैं। उन्हें राजौरी गार्डन सीट से विधायक चुना गया है। सिरसा ने पंजाबी में शपथ ली।
12:31 PM (IST) Feb 20
तीसरे नंबर पर भाजपा नेता आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। इनका नाम भी सीएम पद की रेस में लिया गया था। वह जनकपुरी सीट से विधायक चुने गए हैं। शपथ लेने के बाद सूद ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
12:29 PM (IST) Feb 20
रेखा गुप्ता के बाद दूसरे नंबर पर प्रवेश वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। वह मुख्यमंत्री पद की रेस में थे।
12:28 PM (IST) Feb 20
Delhi New CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के पद के लिए शपथ ग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा का राज शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, समेत भाजपा व एनडीए के कई बड़े नेता इस कार्यक्रम में मौजूद हैं।
12:18 PM (IST) Feb 20
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। मंच पर उन्होंने भाजपा और एनडीए के साथी दलों के नेताओं से मुलाकात की।
12:12 PM (IST) Feb 20
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रामलीला मैदान पहुंचे हैं। दिल्ली की भावी सीएम रेखा गुप्ता ने उनका स्वागत किया।
12:09 PM (IST) Feb 20
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। रेखा गुप्ता ने उनका स्वागत किया।
11:42 AM (IST) Feb 20
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल रामलीला मैदान में दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने आईं। दोनों नेताओं के हाथ मिलाया।
11:37 AM (IST) Feb 20
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रामलीला मैदान पहुंच गईं हैं। उन्होंने भाजपा नेता प्रवेश वर्मा को बधाई दी है। प्रवेश उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।
11:24 AM (IST) Feb 20
प्रवेश वर्मा ने कहा, "आज 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। दिल्ली के लोगों को विश्वास है कि हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी बनाने में सफल होंगे। हम दिल्ली को विकसित बनाने का वादा पूरा करेंगे। मैं भाजपा का अनुशासित कार्यकर्ता हूं। आखिरी सांस तक भाजपा में मुझे रहना है। भाजपा ने मेरे पिताजी को दिल्ली का मुख्यमंत्री और भारत का मंत्री बनाया था। वह भी आखिरी सांस तक पूरी ईमारदारी से पार्टी की सेवा करते रहे। मुझे जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे निभाऊंगा।"
11:07 AM (IST) Feb 20
भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष बनने वाले हैं। उन्होंने कहा, "मैं सदन की गरिमा बढ़ाने के लिए काम करूंगा। मेरी प्राथमिकता दिल्ली का विकास सुनिश्चित करना है।"
10:48 AM (IST) Feb 20
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ लेने से पहले कहा, "दिल्ली को साफ पानी, साफ हवा मिलेगी। हम भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। अरविंद केजरीवाल को अपना ज्यादातर समय जेल में बिताना पड़ेगा।"
10:45 AM (IST) Feb 20
रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर पहुंचीं। उन्होंने यहां पूरा-अर्चना की है।
09:03 AM (IST) Feb 20
दिल्ली की नव-नियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण से पहले पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वो शीशमहल में नहीं रहूंगी। पूर्व-मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 6 फ्लैगस्टाफ़ रोड स्थित पूर्व अधिकारिक निवास को बीजेपी शीशमहल कहती हैं।
08:13 AM (IST) Feb 20
दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ कई मंत्री भी पद की शपथ लेंगे। ये मंत्री होंगे- परवेश साहिब सिंह वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंदराज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह। रेखा गुप्ता और उनकी कैबीनेट आज सुबह 11 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ लेगी। बीजेपी ने नतीजे आने के बाद करीब दस दिन के अंतराल के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा की थी।
08:10 AM (IST) Feb 20
दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री की रेखा गुप्ता आज छह कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ लेंगी। बीजेपी 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सत्ता में वापसी कर रही है। आज रामलीला मैदान 11 बजे भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयेजन किया गया है।