
बेंगलुरु। रेणुका स्वामी हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोप है कि कन्नड़ फिल्म स्टार दर्शन थुगुदीपा के कहने पर रेणुका स्वामी को प्रताड़ित किया गया। एक्टर और उसके साथियों ने पीट-पीटकर रेणुका स्वामी की हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रेणुका स्वामी की मौत सदमे और बहुत अधिक खून बहने से हुई। शव पर 15 घाव पाए गए। आरोप है कि दर्शन ने प्रेमिका पवित्रा गौड़ा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कमेंट करने से नाराज होकर कर्नाटक के चित्रदुर्ग से रेणुका स्वामी का अपहरण कर लिया था।
सिर, पेट और छाती पर मिले घाव
रेणुका स्वामी का शव बेहद खराब हालत में मिला था। सिर, पेट, छाती और अन्य हिस्सों पर घाव और पिटाई के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि रेणुका स्वामी का सिर बेंगलुरु में एक शेड में खड़े मिनी ट्रक से टकराया था। पुलिस ने इस ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने रेणुका स्वामी को प्रताड़ित करने में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के डंडों, चमड़े की बेल्ट और रस्सी बरामद की है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने गुरुवार को कहा, "यह एक जघन्य अपराध है। उसे (दर्शन) इसके परिणाम भुगतने होंगे। सरकार की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।"
रेणुका स्वामी को चित्रदुर्ग से बेंगलुरु पहुंचाने वाले ड्राइवर ने किया सरेंडर
गुरुवार को रवि नाम के ड्राइवर ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। उसने रेणुका स्वामी को चित्रदुर्ग से 200 किलोमीटर दूर बेंगलुरु पहुंचाया था। रघु उर्फ राघवेंद्र ने रवि की टैक्सी का प्रबंध किया था। रवि रेणुका स्वामी को बेंगलुरु में छोड़ने के बाद छिप गया। बाद में उसने चित्रदुर्ग में टैक्सी एसोसिएशन से संपर्क किया, जिसने उसे पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- रेणुका स्वामी हत्या मामला: जानें कैसे दर्शन तक पहुंचे पुलिस के हाथ, कैसे खुला रहस्य
रघु चित्रदुर्ग में दर्शन का एक फैन क्लब चलाता था। पुलिस ने बताया कि दर्शन ने उसे रेणुका स्वामी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए काम पर रखा था। रेणुका स्वामी की पत्नी ने आरोप लगाया कि उन्हें उनके घर के पास से अगवा किया गया था। हत्या के बाद रेणुका के शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। एक फूड डिलीवरी करने वाले ने शव देखा और पुलिस को फोन किया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.