
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन दिल्ली के तिहाड़ जेल के बाथरूम में बेहोश होकर गिर गए। जैन को पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया। वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। एक सप्ताह में दूसरी बार उनकी सेहत बिगड़ी है।
आप के सूत्रों ने बताया कि जैन तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर गए थे। मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किए गए जैन को तिहाड़ जेल के सेल नंबर 7 में रखा गया है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वह बाथरूम गए थे। इस दौरान बेहोश होकर गिर गए। जेल अधिकारियों ने आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया। उनकी जांच की जा रही है।
22 मई को सफदरगंज हॉस्पिटल में हुआ था इलाज
तिहाड़ जेल के डीजी से मिली जानकारी के अनुसार जैन के रीढ़ की हड्डी में गहरी चोट लगी है। इसके चलते रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होनी है। गिरफ्तार किए जाने के बाद से जैन का वजन 35 किलोग्राम कम हो गया है। 22 मई को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सफदरगंज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त भी रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानी थी। जैन को डॉक्टरों की राय जानने के लिए गुरुवार सुबह सफदरगंज हॉस्पिटल भी लाया गया था। सफदरजंग अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि जैन सुबह न्यूरोसर्जरी ओपीडी गए थे। वहां डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने के बाद वे लौट गए। उनके साथ पुलिस भी थी।
एक साल से जेल में बंद हैं सत्येंद्र जैन
गौरतलब है कि सत्येंद्र जैन करीब एक साल से तिहाड़ जेल में बंद हैं। ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मई 2022 में गिरफ्तार किया था। जेल जाने से पहले जैन दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य और जेल विभाग के मंत्री थे। जेल भेजे जाने के काफी समय बाद भी आप ने सत्येंद्र जैन को मंत्री पद से नहीं हटाया था। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे आप नेता मनीष सिसोदिया भी तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। बाद में ईडी ने सिसोदिया को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.