
Delhi Weather: दिल्ली में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में तापमान 40 से लेकर 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गर्मी के खतरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। हीट इंडेक्स, यानी हवा में नमी के साथ महसूस होने वाली गर्मी का स्तर, 51.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो बेहद खतरनाक माना जाता है।
बुधवार शाम 5:30 बजे तक आयानगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पालम में 44.5 डिग्री, रिज में 43.6 डिग्री, पीतमपुरा में 43.5 डिग्री, लोदी रोड पर 43.4 डिग्री, सफदरजंग में 43.3 डिग्री और मयूर विहार में 40.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
IMD का कहना है कि गुरुवार को भी गर्मी का यही असर बना रहेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। आईएमडी के वैज्ञानिक ने बताया कि दिल्ली में गुरुवार तक भीषण गर्मी बनी रहेगी लेकिन 13 जून से मौसम में बदलाव हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: IRCTC Account से कैसे जुड़ेगा आधार, स्टेप बाय स्टेप गाइड, बिना इसके नहीं मिलेगा तत्काल टिकट
गुरुवार को तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 13 जून के बाद गर्मी कम होने लगेगी और रेड अलर्ट की जगह ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाएगा। 14 से 17 जून के बीच तापमान 37-42 डिग्री तक आ सकता है, और हल्की से मध्यम बारिश व तेज हवाएं चल सकती है जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.