
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की एक लड़की को 15 साल की उम्र में प्यार हो गया था। वह प्रेमी के साथ घर से भाग गई, लेकिन उसी ने 1.5 लाख रुपए में उसका सौदा कर दिया। लड़की तीन बार बेची गई। इस दौरान उसके साथ कई बार रेप किया गया। सीआईडी के अधिकारियों द्वारा किए गए जांच के चलते लड़की अपने घर लौट पाई। अब वह पुराने दिनों की पीड़ा तो भूल नया जीवन जी रही है। दूसरी ओर उसके साथ जघन्य पाप करने वालों को सजा मिली है।
उत्तर 24 परगना जिले की एक पॉक्सो कोर्ट ने 22 साल की युवती के साथ हुई घटना के मामले में चार लोगों को 20 साल और दो अन्य को 10 साल जेल की सजा सुनाई है। सीआईडी ने एक महिला और पीड़िता के प्रेमी राहुल समेत छह आरोपियों को बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था। युवती के पिता ने कहा कि भगवान की कृपा से हमें अपनी बेटी वापस मिल गई, जो हुआ सो हुआ। हमें खुशी है कि उसकी दुर्दशा के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित किया गया है। अब हम अपनी बेटी की शादी के लिए लड़के की तलाश कर रहे हैं।
मानव तस्करों ने लड़की को 4 महीने में तीन बार बेचा
लड़की को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने वाली सीआईडी की टीम का नेतृत्व करने वाले अधिकारी ने बताया कि उसे चार महीने में मानव तस्करों ने तीन बार बेचा था। इस दौरान उसके साथ कई लोगों ने बलात्कार किया। जबरदस्ती उसकी शादी 45 साल के आदमी से कराई गई।
सीआईडी के अधिकारी ने कहा कि पीड़िता सात साल पहले सोशल मीडिया पर एक लड़के के संपर्क में आई थी। वह सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान लड़के से प्यार करने लगी थी। स्कूल जाने के बहाने वह घर से निकली और नई जिंदगी की तलाश में लड़के के साथ भाग गई। घटना 7 जनवरी 2015 की है। लड़की कोलकाता के साइंस सिटी के पास लड़के से मिली। लड़का उसे बाबूघाट ले गया। उसने कहा था कि बस से बिहार जाना है।
प्रेमी ने 1.5 लाख में किया सौदा
अधिकारी ने बताया कि राहुल ने लड़की को बस में बैठा दिया और यह कहकर उतर गया कि जल्द आ रहा है, लेकिन वह नहीं लौटा। जांच के दौरान पता चला कि राहुल ने उसी समय 1.5 लाख रुपए में लड़की का सौदा कर दिया था। इसके बाद खुद को राहुल का दोस्त बताने वाला एक दूसरा व्यक्ति लड़की के पास पहुंचा और उसे हावड़ा स्टेशन ले गया, जहां से वह लड़की को ट्रेन से बिहार ले गया।
यहां उसने लड़की को कमल नाम के एक व्यक्ति को बेच दिया। कमल लड़की को लेकर उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रहने वाली चित्रा नाम की महिला के हाथों बेच दिया। चित्रा ने लड़की की शादी 45 साल के अपने भाई से जबरन करा दी। इसके लिए उसने अपने भाई से पैसा लिया। उसने लड़की को एक महीने अपने साथ रहा फिर उसे चित्रा के पास छोड़ दिया। इसके बाद चित्रा के बेटे ने लड़की के साथ रेप करना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने चित्रा के मोबाइल फोन से मां को किया कॉल
अधिकारी ने कहा कि इसी समय पीड़िता को चित्रा के मोबाइल से अपनी मां को फोन करने और अपनी लोकेशन के बारे में बताने का मौका मिला। उस समय तक पश्चिम बंगाल पुलिस ने पाया था कि पीड़िता का मोबाइल आखिरी बार बिहार में ट्रेस किया गया था और तब से इसे स्विच ऑफ रखा गया था। उसके प्रेमी को भी बिहार में गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें- बिहार से हैरतअंगेज मामला: 100 का था पेपर, लेकिन स्टूडेंट को मिले 151 नंबर, चौंकाने वाली है रिजल्ट की कहानी
चित्रा को जब पता चला कि लड़की ने उसके फोन से कॉल किया है तो वह डर गई। उसने कमल से कहा कि लड़की को ले जाए। इसके बाद कमल और उनके सहयोगी भीष्म लड़की को उत्तराखंड के काशीपुर ले गए। जब दोनों को पता चला कि चित्रा और उसके बेटे लव को गिरफ्तार कर लिया गया है तो वे गुस्से में आ गए। दोनों ने पीड़िता के साथ कई बार बलात्कार किया और उसे काशीपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग गए।
एक महीने तक बोल नहीं पाई थी पीड़िता
सीआईडी अधिकारी ने बताया कि हमारी टीम ने लड़की को रेलवे स्टेशन के एक कोने में पाया था। हमने उसे बचाया और वापस पश्चिम बंगाल ले आए। लड़की को इतना गहरा सदमा लगा था कि वह बोल नहीं पा रही थी। वह एक महीने से अधिक समय तक चुप रही। हमें उसे एक मनोवैज्ञानिक के पास ले जाना पड़ा। मनोवैज्ञानिक द्वारा काफी दिनों तक बातचीत के बाद वह बोली। उसने अपनी पीड़ा के बारे में बताया।
यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के बाद से ही दामाद को पसंद करने लगी थी सास, फिर दोनों ऐसे गायब हुए कि न्यूज अब तक Viral है
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.