
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को शरदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर लोगों को बधाई संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में महिलाओं के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए लोगों को प्रयास करने की जरूरत है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आगामी नौ दिन में देवी के नौ रूपों की पूजा होती है और शक्ति की यह उपासना समाज में महिलाओं के अहम स्थान से भी जुड़ी है।
देवी के नौ रूप साहस, वीरता के प्रतीक
कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान में उन्होंने कहा, ''वर्तमान हालात में हमें महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए और प्रयास करने की जरूरत है।'' गांधी ने कहा कि देवी के नौ रूप साहस, वीरता, समृद्धि, शक्ति, बुद्धि, ज्ञान और सकारात्मक शक्तियों के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा, ''उम्मीद करती हूं कि व्रत और पूजा अर्चना के जरिए उपासक अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत बनाएंगे और नकारात्मक शक्तियों को हराएंगे।'' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नवदुर्गा पूजा पर वह उम्मीद करती हैं कि देश भर में भाईचारा, प्यार, शांति और शक्ति का संचार हो।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.