
Stampede in Kerala College concert: केरल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। एक कॉलेज में चल रहे कंसर्ट के दौरान भगदड़ मचने से कई स्टूडेंट्स की जान चली गई। भगदड़ में कुचले जाने से चार स्टूडेंट्स की मौत हो गई है। इस भगदड़ में करीब 64 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 18 को निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। घटना कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीयूएसएटी) कैंपस में हुई जब टेक फेस्ट के दौरान भगदड़ मच गया। छात्र जानी मानी सिंगर निखिता गांधी के लाइव कॉन्सर्ट में भाग लेने के लिए एकत्र हुए थे।
बारिश की वजह से भगदड़
दरअसल, कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीयूएसएटी) कैंपस में शनिवार को एक ओपन एयर ऑडिटोरियम में टेक फेस्ट का आयोजन किया गया था। शाम 7 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में अचानक बारिश आ गई। बारिश की वजह से लोग इधर-उधर भागने लगे। काफी स्टूडेंट मंच पर चढ़ गए। हड़बड़ी में एक स्टूडेंट मंच से नीचे गिर गया। इसके बाद मची भगदड़ से यह हादसा हो गया। इस भगदड़ में कम से कम चार स्टूडेंट्स की मौत हो गई। मरने वालों में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं।
कुलपति डॉ. शंकरन ने कहा कि तकनीकी उत्सव में एक संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। भीड़ बहुत अधिक थी और बारिश हो रही थी। सीढ़ियां चढ़ने से कुछ समस्याएँ पैदा हुईं। कुछ छात्र गिर गये। इस दौरान हादसा हो गया। कार्यक्रम में 2000 से अधिक लोग पहुंचे थे। नगर निगम पार्षद प्रमोद ने कहा कि एक ही गेट से एंट्री और एक्जिट के कारण भगदड़ मची। दोनों तरफ से आने-जाने के दौरान यह हादसा हुआ।
छात्रों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया
भगदड़ के बाद घायल छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेज कलामासेरी में भर्ती कराया गया। एर्नाकुलम के कलक्टर एनएसके उमेश ने बताया कि घायलों में दो छात्रों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सीएमओ सहित अन्य डॉक्टर्स की एक टीम घायलों के इलाज के लिए तैनात किया गया है। केरल के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि घटना में 64 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 18 लोगों को कोच्चि के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.