
हावेरी (कर्नाटक)। कर्नाटक में विधानसभा के चुनाव (Karnataka Assembly Elections) हो रहे हैं। 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को रिजल्ट आएंगे। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (Basavaraj Bommai) ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव से जुड़े पार्टी के सर्वे बताते हैं कि बीजेपी को 130 से अधिक सीटों पर जीत मिलेगी।
शिगगांव-सावनूर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोम्मई ने कहा, "अब तक के हमारे सर्वे से पता चला है कि भाजपा जीतने वाली है। पार्टी 130 से अधिक सीटों पर आगे रहेगी।" सीएम ने कहा कि लोगों ने देखा है कि भाजपा की सरकार में किस तरह विकास के काम हुए हैं। इसलिए लोग फिर से भाजपा को वोट देंगे।
जनता जानती है किसने विकास किया
सीएम ने कहा, "कांग्रेस के बहुत से नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। विकास के बहुत से काम हुए हैं। इसका लाभ होगा। भाजपा ने पिछले चार साल में जितना विकास किया है लोगों ने देखा है। इसलिए वे जरूर हमें वोट देंगे। विपक्षी पार्टियां लापरवाही से बोल रहीं हैं, लेकिन जनता जानती है कि किसने विकास किया है।"
स्थिर सरकार दे सकती है भाजपा
बोम्मई ने कहा, "भाजपा राज्य को स्थिर सरकार दे सकती है। 2018 के चुनाव में भाजपा को 104 सीटें मिली थीं, लेकिन कांग्रेस और JDS ने अपवित्र गठबंधन कर लिया था और सरकार बना ली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता ने एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना मत दिया। इसके बाद एक स्थिर सरकार बनी।"
सीएम ने कहा- हमारी सरकार ने बढ़ाया SC/ST का आरक्षण
सीएम ने कहा, "कोरोना महामारी के दौरान सावनुर तालुक को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। उस समय लोगों को मुफ्त राशन और टीका दिया गया। बाढ़ के समय मैं सभी प्रभावित जिलों में गया और स्थिति का जायजा लिया। शिगगांव-सावनूर में प्रभावित लोगों की मदद की। किसानों, महिलाओं, युवाओं, छात्राओं, मजदूरों और कामकाजी लोगों के लिए कई योजनाएं लाई गईं। SC/ST का आरक्षण बढ़ाया गया।"
यह भी पढ़ें- Karnataka Elections 2023: कांग्रेस ने जारी की 61 पर्यवेक्षकों की लिस्ट, करेंगे चुनावी तैयारियों की निगरानी
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.