BJP विधायक का आरोप- सुशांत सिंह मामले में उद्धव के मंत्री की लिंक, शिवसेना बोली- पहले सबूत दिखाएं

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में लगातार सीबीआई जांच की मांग उठ रही है। अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में बड़ा बयान दिया है। नीतीश कुमार ने कहा, अगर सुशांत सिंह के पिता सीबीआई जांच की मांग करते हैं, तो यह संभव है। 

Asianet News Hindi | Published : Aug 1, 2020 8:41 AM IST / Updated: Aug 01 2020, 04:20 PM IST

मुंबई/पटना.  अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में राजनीति शुरू हो गई है। सार्वजनिक डोमेन में चर्चा है कि एक युवा मंत्री के पास इस मुद्दे के कुछ लिंक हैं। हालांकि बिहार पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। लेकिन जब दो राज्यों की पुलिस इस मामले में एक साथ जांच कर रही हैं, ऐसे में निष्कर्ष तक पहुंचना मुश्किल है। इसलिए इस मामले में सीबीआई जांच के आदेश देने चाहिए। 

शिवसेना ने दिया जवाब
इन आरोपों पर शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने जवाब दिया। उन्होंने भाजपा विधायक पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास कोई सबूत है तो वे लाएं, लेकिन बिना सबूत के किसी भी इस तरह के आरोप लगाकर उनकी छवि को खराब करने की कोशिश करना ठीक नहीं है। 

सुशांत सिंह के पिता मांग करते हैं तो CBI जांच संभव- नीतीश कुमार
उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में बड़ा बयान दिया है। नीतीश कुमार ने कहा, अगर सुशांत सिंह के पिता सीबीआई जांच की मांग करते हैं, तो यह संभव है। इतना ही नहीं नीतीश कुमार ने कहा, मुंबई पुलिस को इस मामले में बिहार पुलिस की मदद करनी चाहिए। 

दो राज्यों में झगड़े का सवाल नहीं- नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा, सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने बिहार में केस दर्ज कराया है। पुलिस का काम है, उस पर जांच करना। जिन लोगों ने केस दर्ज कराया है, वे लोग अगर सीबीआई जांच की मांग करते हैं तो राज्य आगे की कार्रवाई करेगी। इस मामले में दो राज्यों के बीच झगड़े का सवाल नहीं है। अगर सुशांत के पिता की ओर से मांग की जाएगी तो सीबीआई जांच संभव है।

महाराष्ट्र पुलिस जांच में असमर्थ नहीं- उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई पुलिस असमर्थ नहीं है। अगर किसी के पास इस मामले के बारे में कोई सबूत है तो वो इसे उनके पास ला सकते हैं और पुलिस पूछताछ करेगी। दोषी को सजा भी दी जाएगी। इसके साथ सीएम ने अनुरोध करते हुए कहा कि कृपया इस मामले को महाराष्ट्र और बिहार दो राज्यों के बीच विवाद पैदा करने के बहाने के रूप में इस्तेमाल न करें।

फडणवीस ने लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सुशांत सिंह केस में राज्य सरकार लापरवाही बरत रही है। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा था कि विपक्ष इंटरपोल या नमस्ते ट्रंप के फॉलोअर्स को भी जांच के लिए ला सकता है। देवेंद्र फडणवीस को समझना चाहिए कि यह वही पुलिस है, जिसके साथ उन्होंने पांच साल काम किया है। यह वही पुलिस है, जिसने कोरोना के साथ लड़ाई के दौरान कई बलिदान दिए हैं।

बिहार पुलिस ने रिया चक्रवती के खिलाफ मामला किया दर्ज
सुशांत सिंह का शव 14 जून को उनके घर में मिला था। पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया था। लेकिन सुशांत सिंह के करीबी इसे हत्या बता रहे हैं। वहीं, इस मामले में कई नेताओं ने भी पुलिस के रवैए पर सवाल उठाए हैं। इस मामले में मुंबई पुलिस रिया चक्रवर्ती, महेश भट्ट समेत तमाम लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है। उधर, बिहार पुलिस ने  सुशांत सिंह के पिता की अर्जी पर उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर मामला दर्ज किया है। रिया फिलहाल फरार हैं, उन्होंने हाल ही में एक वीडियो भी जारी किया था। 

Share this article
click me!