
हैदराबाद। देश में लोकसभा चुनाव 2024 चल रहे हैं। नेता अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान कई बार विरोधी पर हमला करने के दौरान नेता मर्यादा की सीमा लांघने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही तेलंगाना के कांग्रेसी मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने किया है।
रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना सांप से की। रेवंत रेड्डी ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा दिसंबर 2021 में लाए गए तीन कृषि कानूनों का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी को काला नाग बता दिया। रेवंत रेड्डी ने नरेंद्र मोदी को ऐसा काला नाग बताया जो चुनाव जीतने के बाद फिर से किसानों को डसने आएगा।
रेवंत रेड्डी ने कहा- नरेंद्र मोदी "हार" नहीं भूलेंगे
जहीराबाद लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश शेटकर के लिए एक रैली में रेड्डी ने कहा कि मोदी "हार" नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा, "हजारों किसानों ने मोदी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्हें तीन कृषि कानून वापस लेने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया। लेकिन वह एक काला नाग की तरह हैं। वह वैर रखेगा। किसानों से उनके विरोध की कीमत वसूल करेगा।"
रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी 400 सीटें मांग रहे हैं। वह ऐसा दो-तिहाई बहुमत हासिल करने और किसानों को कॉर्पोरेट दिग्गजों का गुलाम बनाने के लिए चाहते हैं।
कौन हैं तेलंगाना के पहले कांग्रेसी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी?
रेवंत रेड्डी तेलंगाना के पहले कांग्रेसी मुख्यमंत्री हैं। 2023 में तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। इसके बाद रेवंत रेड्डी को सीएम बनाया गया। रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में राज्य में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी। सीएम बनने से पहले वह सांसद और तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष थे। उन्हें जून 2021 में तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी का तंज- 'अब तक अमेठी में मुद्दे ढूंढते रह गए, अब कांग्रेस प्रत्याशी'
रेवंत रेड्डी कांग्रेस में शामिल होने से पहले टीडीपी के बड़े नेता थे। उन्होंने 2006 में जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य के रूप में पहला चुनाव जीता था। वह मल्काजगिरी से सांसद थे। रेड्डी 2014-2018 तक कोडंगल सीट से विधायक थे। रेड्डी 2009 से 2014 तक आंध्र प्रदेश विधान सभा के सदस्य थे। उन्होंने ABVP कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था।
यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव: हेलीकॉप्टर में बैठते समय गिर गईं ममता बनर्जी, पैर में लगी चोट, देखें वीडियो
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.