अदालत ने कपिल गुज्जर से पुछताछ के लिए पुलिस को सौंपा

दिल्ली की अदालत ने रविवार को कपिल गुज्जर को दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसे दक्षिण पूर्व दिल्ली के शाहीनबाग इलाके में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 

Asianet News Hindi | Published : Feb 2, 2020 12:50 PM IST / Updated: Feb 02 2020, 06:42 PM IST

नई दिल्ली.  दिल्ली की अदालत ने रविवार को कपिल गुज्जर को दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसे दक्षिण पूर्व दिल्ली के शाहीनबाग इलाके में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 

शाहीनबाग से एक दिन पहले जामिका के प्रदर्शनकारियों पर भी की गई थी फायरिंग

कपिल को अतिरिक्त मुख्य नगर दंडाधिकारी विजेता सिंह रावत की अदालत में पेश किया गया। शनिवार को कपिल ने करीब एक महीने से शाहीनबाग में हो रहे सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हवा में दो गोलियां चलाई थीं। हालांकि, कपिल को पुलिसकर्मियों ने काबू कर लिया। कपिल ने इस दौरान ‘‘जय श्री राम’’ के नारे लगाए और कहा कि ‘‘हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।’’ बाद में पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

उल्लेखनीय है कि शाहीनबाग में तीन दिन में गोली चलाने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले गत गुरुवार को एक व्यक्ति ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई थी जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

 

Share this article
click me!