
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रैली की। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए काम गिनाए। अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और राम मंदिर निर्माण पर भी बात की।
अमित शाह ने कहा, "जब कांग्रेस की सरकार थी, गन्ने की एमएसपी 210 रुपए प्रति क्विंटल थी। आज यह 340 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। बसपा के शासनकाल में 19 चीनी मिलें बंद हुईं, अखिलेश यादव के शासन में 10 मिलें बंद हुईं। भाजपा के शासन में 20 से अधिक चीनी मिलों को शुरू किया गया। पांच नई चीनी मिलें बनी हैं। हमने इथेनॉल की पॉलिसी लाई। 2014 से पहले पेट्रोल में इथेनॉल नहीं मिलाया जाता था। आज 154 करोड़ लीटर इथेनॉल पेट्रोल में मिलाया जाता है। इससे गन्ना किसानों की आय बढ़ी है।"
धारा 370 हटाकर कश्मीर को भारत से जोड़ा
अमित शाह ने कहा, "कश्मीर हमारा है या नहीं है। धारा 370 हटनी चाहिए थी या नहीं। कांग्रेस वाले 50-50 साल से धारा 370 संभालकर बैठे थे। नरेंद्र मोदी ने धारा 370 समाप्त कर कश्मीर को भारत के साथ जोड़ा। नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से आतंकवाद समाप्त किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया है।"
कांग्रेस-सपा नहीं चाहती थी राम मंदिर बने
गृह मंत्री ने कहा, "ये जो घमंडिया गठबंधन है, अखिलेश यादव की पार्टी (समाजवादी पार्टी), कांग्रेस पार्टी, ये कभी नहीं चाहती थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने। कांग्रेस पार्टी ने 70 साल तक राम जन्म भूमि के मुद्दे को अटकाकर रखा। नरेंद्र मोदी ने केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया और 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हुई।"
यूपी से हो रहा गुंडों का पलायन
अमित शाह ने कहा, "नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित किया है। देश को समृद्ध किया है। एमएसपी पर आजादी के बाद सबसे ज्यादा खरीदी किया है। 2014 में मैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश आया था। उस समय भाजपा का प्रभारी था। कैराना, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से पलायन शुरू हो गया था। यहां पर कोई सुरक्षित नहीं था। आपने यूपी में 2017 में भाजपा की सरकार बनाई, योगी सरकार ने यहां गुंडों का आतंक बंद कर पलायन रोका है। अब यूपी से गुंडे पलायन करने लगे हैं।"
यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: जानें क्यों वायनाड से चुनाव लड़ते हैं राहुल गांधी, क्यों नहीं रहता हार का खौफ
उन्होंने कहा, "इस चुनाव में घमंडिया गठबंधन इकट्ठा हुआ है। 12 लाख करोड़ के घपले, घोटाले करने वाले लोग इकट्ठा हुए हैं। वे भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने की बात करते हैं। 2014 में मोदी ने कहा था जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है वो जेल जाएंगे। 2024 में भी कह रहे हैं, जिसने भ्रष्टाचार किया है वो जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.