नई दिल्ली। देश के मैदानी इलाकों में झुलसाने वाले गर्मी पड़ रही है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का सितम बढ़ने की संभावना है।
ओडिशा में रविवार को 20 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर रहा। औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा सबसे गर्म स्थान रहा। यहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बौध, संबलपुर और तालचेर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। गर्मी के चलते पश्चिम बंगाल में स्कूलों-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है।
गंगा के तटीय इलाकों में बनी रहेगी लू की स्थिति
मौसम विभाग ने बताया है 19 अप्रैल तक गंगा के तटीय इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके चलते उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। बिहार के औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मैदानी इलाकों में नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
स्काईमेट के पूर्वानुमान के अनुसार देश के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटे में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कस्मीर में हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली में सोमवार-मंगलवार को बादल छा सकते हैं। इससे हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आंशिक बादलों के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
दिल्ली के लोगों को मिल सकती है गर्मी से राहत
मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी कि दिल्ली के लोगों को सोमवार को बारिश होने के चलते गर्मी से राहत मिल सकती है। दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर, कहा- UP में हुए 183 एनकाउंटर की हो पड़ताल
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.