Himachal Pradesh: शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, जमीन पर बिछी सफेद चादर, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड

हिमाचल प्रदेश के शिमला में रविवार रात को सीजन की पहली बर्फबारी (Snowfall) हुई। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके में बर्फबारी और मैदानी इलाके में बारिश से आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड बढ़ने की संभावना है।

Asianet News Hindi | Published : Dec 5, 2021 7:27 PM IST / Updated: Dec 06 2021, 01:00 AM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के शिमला में रविवार रात को सीजन की पहली बर्फबारी (Snowfall) हुई। शिमला के छराबड़ा कुफरी में शाम को हल्की बर्फबारी हुई। नारकंडा में देर रात बर्फबारी हुई, जिससे जमीन पर बर्फ की चादर बिछ गई। इसी तरह जिले के खड़ापत्थर, चूड़धार और चांशल में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। रविवार को रोहतांग सहित पहाड़ों पर भी हिमपात हुआ। मनाली, चंबा, कांगड़ा सहित राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। 

किश्तवाड़ में हुई बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रविवार को पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई है। बर्फबारी और बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। जिले के वाड़पन के अलावा, सिनथन टॉप, ब्रह्मा पहाड़ दच्छन, सुमचाम पाडर आदि पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई।

हरियाणा में गिरे ओले
रविवार को हरियाणा के सिरसा में हल्की बरसात हुई। फतेहाबाद में बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते राज्य में ठंडक बढ़ती जा रही है। फतेहाबाद में बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट आई। यहां रविवार दोपहर को अचानक मौसम खराब हो गया और इसके बाद आधे घंटे तक झमाझम बारिश का दौर चला। भूना और घागड़ क्षेत्र में ओले भी गिरे।

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में दो दिनों तक हल्की से भारी बर्फबारी होगी, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। कश्मीर के मैदानी इलाकों में दो से तीन इंच और ऊंचाई वाले इलाकों में 6-7 इंच बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके में बर्फबारी और मैदानी इलाके में बारिश से आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड बढ़ने की संभावना है।
 
दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम के साथ व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना है। 
 
यह भी पढ़ें

CYCLONE JAWAD : ओडिशा में जवाद का असर, पुरी में भारी बारिश, कई जिलों में हैवी रेन का रेड अलर्ट

Share this article
click me!