
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में रहने वाले पति-पत्नी ने नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए अपने आठ महीने के बच्चे को बेच दिया। मोबाइल खरीदने के बाद पैसे बच गए तो दोनों ने राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा की और हनीमून मनाया।
पड़ोसी ने जब पति-पत्नी के हाथ में नया मोबाइल फोन देखा और बच्चे को गायब पाया तो उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि दंपति ने बच्चे को बेच दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दंपति के पास पहले से एक बेटी है। दोनों दीघा और मंदारमणि जैसे समुद्री तटों सहित कई जगहों पर घूमने गए थे।
पुलिस ने पति-पत्नी को पकड़ा, बच्चा बरामद
दंपति ने डेढ़ महीने पहले बच्चे को बेच दिया था। रविवार को घटना की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई। पुलिस ने पति-पत्नी को पकड़ लिया है। दोनों की पहचान जयदेव घोष और साथी के रूप में हुई है। पुलिस ने बेचे गए बच्चे को भी मुक्त करा लिया है।
2 लाख में किया था बच्चे का सौदा
दंपति की पड़ोसी लक्ष्मी कुंडू के अनुसार जयदेव और साथी ने अपने बच्चे को 2 लाख रुपए में बेचा था। इसी पैसे से दोनों ने मोबाइल फोन खरीदा और हनीमून मनाने के लिए कई जगहों पर गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि साथी दूसरे लोगों को अपने घर लाती थी। दोनों अफीम और गांजा का नशा करते हैं। पुलिस ने बच्चा खरीदने वाली महिला प्रियंका घोष को भी गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- बिल्डर की पत्नी का मर्डर करके 23 साल के युवक ने खुद को किया शूट, दुश्मनी में क्यों बदली दोस्ती?
जयदेव के पिता कामई चौधरी ने बताया कि मुझे तो बेटे ने कहा था कि बच्चे को उसके मामा के घर भेज दिया है। बाद में मुझे पता चला कि बच्चे को बेच दिया गया था। मैं नहीं कह सकता कि बच्चे को क्यों और किसको बेच दिया गया था। बच्चे को बेचने के बाद मेरा बेटा और उसकी पत्नी दीघा और मंदारमणि समुद्री तटों पर गए थे। वे तारापीठ काली मंदिर भी गए थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.