
Arunanchal Pradesh First Woman IPS Officer: अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले की तेनजिन यांगकी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल होने वाली राज्य की पहली महिला बनी हैं। ऐसा कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और जनसेवा की एक मज़बूत विरासत से भरी उनकी यात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर सभी का ध्यान खींचा है। यही वजह है कि जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी उनकी जमकर तारीफ की है। आनंद महिंद्रा ने यांगकी की इस उपलब्धि को अपना मोटिवेशन बताया।
आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा, तवांग की तेनजिन यांगकी भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने वाली अरुणाचल प्रदेश की पहली महिला बन गई हैं। एक शिक्षाविद, एक सिविल सेवक और अब एक आईपीएस अधिकारी। वो अपने माता-पिता की सेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्टता का अपना रास्ता खुद बना रही हैं। प्रथम होना कभी आसान नहीं होता। इसका मतलब है कि आप पहले अकेले चलें, ताकि एक दिन दूसरे आपके साथ चलें। आज अकेले चलने से मत डरिए...दूसरे आपके पीछे चलेंगे।
तेनजिन यांगकी ने 2022 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 545वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल की। 17 अक्टूबर को, उन्होंने आईपीएस अधिकारियों के 77वें बैच की पासिंग-आउट परेड में भाग लिया, जिसमें 36% महिलाओं का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व दर्ज किया गया। उनकी उपलब्धि की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
यांगकी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल रिलेशन में एमए और एमफिल की डिग्री ली है। राष्ट्रीय सेवा में आने से पहले, उन्होंने 2017 में APPSC परीक्षा पास की और सियांग जिले में एक सर्किल ऑफिसर के रूप में काम किया। यांगकी ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिसकी सार्वजनिक सेवा की एक मजबूत विरासत रही है। यांगकी के दिवंगत पिता थुप्तेन टेम्पा एक IAS अधिकारी और पूर्व मंत्री थे। वहीं, उनकी मां जिग्मी रिटायर होने से पहले अरुणाचल प्रदेश सरकार में सेक्रेटरी के रूप में काम कर चुकी हैं। बता दें कि यांगकी देश की करोड़ों युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.