
Biplab Kumar Deb Resign: त्रिपुरा (Tripura) के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद अब नया सीएम चुना जाएगा, जिसके लिए शनिवार शाम 5 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बीजेपी के पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव और विनोद तावड़े इस बैठक में मौजूद रहेंगे। बता दें कि बिप्लब कुमार देब ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने आलाकमान के कहने और पार्टी हित में इस्तीफा दिया है। वो अब 2023 के चुनाव की तैयारी में जुट जाएंगे।
कौन हैं बिप्लब कुमार देब :
बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) का जन्म 25 नवंबर, 1971 को त्रिपुरा के राजधरनगर में हुआ, जो गोमती जिले में आता है। उनके पिता 1971 में बंगाल विभाजन के दौरान बांग्लादेश के चांदपुर से माइग्रेट होकर भारत आ गए थे। बाद में बिप्लब कुमार देब का जन्म और स्कूली शिक्षा त्रिपुरा में ही हुई। उन्होंने त्रिपुरा विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन किया और बाद में पोस्टग्रैजुएशन के लिए दिल्ली चले गए। इसके बाद वो आरएसएस में शामिल हो गए।
2016 में बने त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष :
बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) जनवरी, 2016 में त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष बने। 8 अगस्त 2017 को बिप्लब देब ने सुदीप रॉय बर्मन के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विधायकों को भारतीय जनता पार्टी में लाने में मदद की। इसके बाद 2018 में उनके नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करते हुए 25 साल से शासन कर रहे वाम मोर्चा को पटखनी दी। 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में बिप्लब कुमार देब ने बनमालीपुर विधानसभा क्षेत्र में माकपा के उम्मीदवार अमल चक्रवर्ती को 9549 वोटों से हराया था। 9 मार्च, 2018 को उन्होंने त्रिपुरा के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
बैंक ऑफिसर है बिप्लब देब की पत्नी :
बिप्लब देब (Biplab Kumar Deb) की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनकी शादी 2001 में हुई थी। उनकी पत्नी का नाम नीति देब है और वो भारतीय स्टेट बैंक में ऑफिसर हैं। उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। बता दें कि अप्रैल, 2019 में बिप्लब कुमार देब की पत्नी के बारे में सोशल मीडिया पर झूठी पोस्ट करने की वजह से एक हवलदार को गिरफ्तार कर उसे नौकरी से निलंबित कर दिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवलदार ने उनकी पत्नी नीति देब के बारे में लिखा कि उन्होंने कोर्ट में अपने पति के खिलाफ तलाक की अर्जी दाखिल की है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.