
लखनऊ. कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा द्वारा रामायण से जुड़े सवाल का जवाब न दे पाने को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। सोशल मीडिया यूजर्स के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुनील भराला ने भी सोनाक्षी सिन्हा की आलोचना की है।
भराला को योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। उनके पास श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष का पद है। भराला ने सोनाक्षी को 'धन पशु' बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों के पास सीखने के लिए कोई वक्त नहीं है, सिर्फ पैसे के पीछे भागते हैं।
'ऐसे लोग सिर्फ पैसा कमाने और उसे खर्च करने के बारे में सोचते हैं'
भराला ने कहा, आधुनिक वक्त में इन लोगों को सिर्फ पैसे की परवाह है। ये लोग केवल पैसा कमाने और उसे अपने ऊपर खर्च करने के बारे में सोचते हैं। ये लोग इतिहास और भगवान के बारे में कुछ नहीं जानते। इससे दुखद और कुछ नहीं हो सकता।
ये है पूरा मामला :
सोनाक्षी सिन्हा पिछले दिनों 'कौन बनेगा करोड़पति' के 25वें एपिसोड में राजस्थान से आईं कर्मवीर कंटेस्टेंट रूमा देवी के साथ पहुंची थीं। 80 हजार रुपए के लिए अमिताभ बच्चन ने सवाल पूछा- 'रामायण में हनुमान किसके लिए संजीवनी बूटी लेकर आए थे।' इसके जवाब में सोनाक्षी ने सीता कहा। हालांकि, बाद में श्योर नहीं होने के चलते उन्होंने इस सवाल पर लाइफलाइन लेने का फैसला किया। हैरान करने वाली बात ये है कि सोनाक्षी की फैमिली के ज्यादातर मेंबर्स का नाम रामायण के चरित्रों पर है। उनके पिता का नाम शत्रुघ्न और भाइयों का लव-कुश है। यहां तक कि सोनाक्षी के घर का नाम भी 'रामायण' है। ऐसे में उन्हें इतना भी पता न हो कि हनुमान किसके लिए संजीवनी लाए थे, ये बात फैंस को हजम नहीं हुई और उन्होंने सोनाक्षी को जमकर ट्रोल किया।
अमिताभ बच्चन ने भी उड़ाया था सोनाक्षी का मजाक :
अमिताभ ने सोनाक्षी से कहा- आपके पिता का नाम है शत्रुघ्न। आपके जितने चाचा हैं वो सब रामायण से संबंधित हैं। जहां आप रहती हैं, उस घर का नाम है रामायण। आपको ये नहीं पता कि लक्ष्मण के लिए जड़ीबूटी लाए थे हनुमान। अमिताभ ने सोनाक्षी की मां पूनम से कहा- ''आज का जो ये एपिसोड है इसे हमारे शत्रु भइया को मत दिखाइएगा।''
सोनाक्षी ने ट्रोल करने वालों को दिया था जवाब
सोशल मीडिया पर अपना मजाक उड़ने के बाद सोनाक्षी ने ट्विटर पर लिखा, "प्रिय जागे हुए ट्रोल्स। मुझे पायथागोरस प्रमेय, मर्चेंट ऑफ वेनिस, आवर्त सारणी, मुगलों की वंशावली और क्या क्या याद नहीं है वो भी नहीं याद है। अगर आपके पास कोई काम नहीं है और इतना टाइम है तो प्लीज इन सब पर भी मीम्स बनाओ ना। मुझे मीम्स पसंद हैं।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.