गुरुग्राम की 21 साल की अनन्या अग्रवाल ने गुरुग्राम में Lume & Lime नाम से शाकाहारी कैफे शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले 50 दिनों में कैफे ने 15 लाख रुपये की कमाई की। जानिए कॉलेज की पढ़ाई के साथ कैसे संभाल रही हैं अपना बिजनेस।

Lume & Lime Cafe: कॉलेज में पढ़ाई के साथ अपना बिजनेस शुरू करना आसान नहीं होता। लेकिन 21 साल की अनन्या अग्रवाल ने इस चुनौती को मौका बना दिया। मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहीं अनन्या ने गुरुग्राम में 'ल्यूम एंड लाइम' (Lume & Lime) नाम से एक शाकाहारी कैफे शुरू किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कैफे ने शुरुआत के सिर्फ 50 दिनों में 15 लाख रुपये की कमाई की। खास बात यह है कि अनन्या अपनी डिग्री पूरी करने के साथ-साथ कैफे की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।

Ananya Agarwal: कॉलेज की पढ़ाई के साथ शुरू किया कैफे

अनन्या मैनेजमेंट स्टडीज में बैचलर डिग्री के अंतिम वर्ष में हैं। 'कर्ली टेल्स' से बातचीत में उन्होंने बताया कि कॉलेज और बिजनेस को एक साथ संभालना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन उन्हें उद्यमिता में काफी दिलचस्पी है। उनका कहना है कि वह काम करते हुए लगातार सीख रही हैं।

Lume & Lime Cafe: विदेशी खाने का असली स्वाद रखने की कोशिश

अनन्या सिर्फ एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि ऐसी जगह बनाना चाहती थीं जहां लोग आराम से बैठकर अच्छे खाने का आनंद ले सकें। उनका मानना है कि भारत में कई बार विदेशी व्यंजनों में जरूरत से ज्यादा भारतीय मसाले और स्वाद मिला दिए जाते हैं। इससे उनका असली फ्लेवर बदल जाता है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने कैफे में इटैलियन, मैक्सिकन और मेडिटेरेनियन व्यंजनों को उनके मूल स्वाद के करीब रखने की कोशिश की है।

पिता के अनुभव से सीख रहीं बिजनेस की बारीकियां

  • अनन्या ने अपने माता-पिता डॉ. विशाल अग्रवाल और प्रीति अग्रवाल के साथ मिलकर कैफे शुरू किया है।
  • उनके पिता को बिजनेस का एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
  • ब्रांडिंग, बिजनेस मीटिंग और रेस्टोरेंट संचालन जैसे कामों को अनन्या करीब से सीख रही हैं।

Lume & Lime Menu: मेन्यू और रेस्टोरेंट की खासियत

  • शाकाहारी और वीगन विकल्प: 'ल्यूम एंड लाइम' एक पूरी तरह से वेजिटेरियन बिस्ट्रो है, जहां ब्रिक-ओवन पिज्जा, हैंडमेड पास्ता, टैकोस, मेजे प्लैटर्स और स्पेशल कॉफी के साथ वीगन विकल्प भी मिलते हैं।
  • समय: यह कैफे सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक ग्राहकों के लिए खुला रहता है।
  • बिक्री का रिकॉर्ड: शुरुआती 50 दिनों में ही 15 लाख रुपये का कारोबार करने के बाद यह कैफे अब गुरुग्राम के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका है।