
न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार देर रात हड़कंप मच गया। यहां एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक रीजनल जेट प्लेन एयरपोर्ट के ही एक फायर ट्रक से टकरा गया। इस घटना के बाद अमेरिका के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक, ला गार्डिया पर फौरन इमरजेंसी टीमें पहुंच गईं और सभी उड़ानों को रोक दिया गया। सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों में दिख रहा है कि प्लेन के अगले हिस्से (नाक) को काफी नुकसान पहुंचा है और कई इमरजेंसी गाड़ियां टैक्सीवे पर प्लेन को घेरे हुए हैं। अधिकारियों ने अभी तक हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, हालांकि सोशल मीडिया पर शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दो लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 70 लोग घायल हुए हैं। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्लेन एयर कनाडा एक्सप्रेस की फ्लाइट AC8646 थी, जो एक बॉम्बार्डियर CRJ-900 जेट है। इसे जैज़ एविएशन ऑपरेट करती है। बताया जा रहा है कि प्लेन रनवे 4/22 के पास एक टैक्सीवे को पार करते समय फायर ट्रक से टकराया। मौके से मिली शुरुआती तस्वीरों में रीजनल जेट के अगले हिस्से को काफी नुकसान दिख रहा है, जिससे पता चलता है कि टक्कर जोरदार थी। इमरजेंसी टीमों के पहुंचने पर यात्रियों को प्लेन से उतारकर tarmac पर लाया गया। ऑनलाइन वायरल हो रही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की रिकॉर्डिंग में टक्कर से ठीक पहले ट्रक को 'रुको' (stop) की चेतावनी दी जा रही है। इसी वजह से एक डेल्टा फ्लाइट को लैंडिंग से रोक दिया गया।
हादसे के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने इस बड़े ट्रांसपोर्ट हब पर सभी उड़ानों पर रोक लगा दी (ग्राउंड स्टॉप)। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने उड़ानें रोकने का कोई कारण नहीं बताया, लेकिन कहा कि इस आदेश के आगे बढ़ने की 'पूरी संभावना' है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरजेंसी सेवाएं तुरंत टैक्सीवे पर तैनात हो गईं, ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और प्लेन में सवार लोगों की मदद की जा सके। उम्मीद है कि नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB), FAA के साथ मिलकर इस टक्कर की जांच करेगा। अधिकारी घटना के समय के एयर ट्रैफिक कंट्रोल कम्युनिकेशन, एयरक्राफ्ट मूवमेंट डेटा और एयरपोर्ट वाहनों की पोजिशन की जांच करेंगे। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका भर के एयरपोर्ट्स स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं, खासकर ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) के कर्मचारियों की।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।