अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ होगी। रांची का सिंधी नस्ल का घोड़ा रांची एक्सप्रेस भी दौड़ेगा। विजेता को महिंद्रा थार मिलेगी।
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों काफी चर्चा में है। 25 नवंबर 2026 को होने वाली इस शादी की तैयारियां शाही अंदाज में की जा रही हैं। शादी के लिए 12 बीघा जमीन पर ताजमहल जैसा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। मेहमानों के लिए 5 हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। शादी में आने वाले मेहमानों को करीब 150 तरह के पकवान परोसे जाएंगे। इस शाही शादी की सबसे खास बात ये है कि इसमें घुड़दौड होगी, जिसमें 'रांची एक्सप्रेस' नाम का एक घास घोड़ा भी दौड़ेगा।
'रांची एक्सप्रेस' के मालिक को मिला न्योता
बेटी की शादी के मौके पर अनंत सिंह ने अपने पैतृक गांव लदमा में घुड़दौड़ आयोजित कराई है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से अच्छी नस्ल के घोड़ों को शामिल होने का न्योता भेजा गया है। इस प्रतियोगिता में झारखंड की राजधानी रांची का घोड़ा 'रांची एक्सप्रेस' भी हिस्सा लेगा। इसके मालिक को भी अनंत सिंह की ओर से निमंत्रण भेजा गया है।
कौन है रांची एक्सप्रेस?
अनंत सिंह की ओर से आयोजित घुड़दौड़ में रांची एक्सप्रेस खास आकर्षण बनने जा रहा है।
यह सिंधी नस्ल का घोड़ा है, जिसे करीब 15 दिन पहले गुजरात के कच्छ से रांची लाया गया है।
घोड़े के मालिक कांके निवासी मोहम्मद महताब अंसारी हैं। उनके मुताबिक, रांची एक्सप्रेस को घुड़दौड़ में रेवाल चाल से दौड़ लगानी होगी।
इस प्रतियोगिता में घोड़े की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तय की गई है।
माहताब अंसारी के मुताबिक, रेवाल चाल में दौड़ के दौरान अगर कोई घोड़ा तीन बार से ज्यादा अपनी चाल बदलता है, तो उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाता है।
कौन होगा 'रांची एक्सप्रेस' का घुड़सवार?
रांची एक्सप्रेस की सवारी शेखावत अली करेंगे। उन्होंने बताया कि घुड़दौड़ में शामिल होने का निमंत्रण उन्हें तीन दिन पहले मिला था। न्योता मिलने के बाद से ही उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी है।
शेखावत अली का कहना है कि चौताला चाल में दौड़ लगाने के मामले में सिंधी नस्ल के घोड़े का मुकाबला दूसरी नस्ल के घोड़ों के लिए आसान नहीं होता। उन्हें रांची एक्सप्रेस से काफी उम्मीदें हैं।
कम समय में घोड़े को प्रतियोगिता के लिए तैयार करना उनके सामने एक चुनौती है। इसके बावजूद घोड़े को लगातार अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वह रेस में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
घुड़दौड़ जीतने वाले को मिलेगी महिंद्रा थार, दूसरे को बाइक
अनंत सिंह की बेटी की शादी के मौके पर आयोजित इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए खास इनाम रखे गए हैं। शेखावत अली के मुताबिक, रेस में पहला स्थान हासिल करने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार दी जाएगी।
वहीं, दूसरे स्थान पर आने वाले प्रतियोगी को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी इनाम में मिलेगी। इन आकर्षक पुरस्कारों की वजह से भी घुड़दौड़ को लेकर घोड़ा मालिकों और प्रतियोगियों में उत्साह है।
लदमा में घोड़ों के लिए बनाया गया अस्तबल
घुड़दौड़ में शामिल होने वाले घोड़ों के ठहरने के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में अस्तबल बनवाया गया है। प्रतियोगिता के लिए रेसकोर्स भी बनाया गया है, जो अनंत सिंह के घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है।
इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से अच्छी नस्ल के घोड़ों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए घोड़ों के मालिकों को निमंत्रण भेजा गया है। रांची एक्सप्रेस की भागीदारी भी इसी तैयारी का हिस्सा है।
कब है अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर 2026 को होने वाली है। उनके होने वाले पति का नाम ऋषिकेश है। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की है। फिलहाल वह अमेरिका की एक कंपनी में बड़े पद पर काम कर रहे हैं।
वहीं, शिवांगी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई रांची के सेंट बिशप स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने बिरला कॉलेज, पिलानी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है।
इस तरह अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियों में शाही पंडाल, मेहमानों के लिए खास इंतजाम और घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि रांची एक्सप्रेस इस प्रतियोगिता में थार जीत पाता है या नहीं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।