Saryu Kamla Express: बिना ट्रेन बदले पहुंचिए जनकपुर धाम! अयोध्या से कब चलेगी नई ट्रेन?

Published : Nov 23, 2026, 02:44 PM IST
ayodhya janakpur saryu kamla express train route timetable 2026

सार

Saryu Kamla Express: अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन शुरू हो गई है। पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी। जानें 604 किमी का रूट, टाइमिंग, ट्रेन नंबर और साप्ताहिक शेड्यूल।

अब भगवान राम की नगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचने के लिए यात्रियों को बीच रास्ते ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है। सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। खास बात यह है कि करीब 604 किलोमीटर का यह सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा।

फूल-मालाओं से सजी ट्रेन, अयोध्या में खास कार्यक्रम

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस को फूल-मालाओं से सजाया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए। दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल को भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: 'गरीबों के जले पर नमक...' अनंत सिंह की बेटी की शादी के बीच शिवानंद तिवारी की पोस्ट से सियासी हलचल

अयोध्या से जनकपुर तक 604 किलोमीटर का सफर

यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर नेपाल पहुंचेगी। इसके रास्ते में मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर जैसे स्टेशन शामिल हैं। नियमित सेवा में यात्रियों को लगभग 19 घंटे का समय लगेगा। इससे रामायण से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल यात्रा संभव होगी।

कब और कितने बजे चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस?

नियमित सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है। ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाल के समयानुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

17 कोच वाली ट्रेन में क्या सुविधाएं होंगी?

सरयू-कमला एक्सप्रेस में आधुनिक एलएचबी डिजाइन के 17 कोच लगाए गए हैं।

इनमें सात स्लीपर कोच, आठ वातानुकूलित कोच और दो अन्य उपयोग के कोच शामिल हैं। एसी श्रेणियों में सेकंड एसी, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी की व्यवस्था है। उद्घाटन के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04295/04296 निर्धारित की गई थी, जबकि नियमित परिचालन अलग ट्रेन नंबरों से होगा।

रामायण सर्किट और भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: MP LPG Crisis: गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे लोग! आखिर क्यों नहीं मिल रहा नया सिलेंडर?

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Saryu-Kamala Express: अयोध्या से जनकपुर के बीच नई सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
अयोध्या से जनकपुर ट्रेन का किराया और टाइमिंग क्या है? यूपी-बिहार से नेपाल तक कहां-कहां रुकेगी