
Gold Treasure Found In Belgium: बेल्जियम के पूर्वी फ्लैंडर्स में एक पुराने घर की मरम्मत के दौरान ऐसा खजाना मिला, जिसने मजदूरों और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। सीवेज पाइप बिछाने के लिए घर की नींव में ड्रिलिंग कर रहे मजदूरों को दीवार के अंदर से सोने की छड़ें और सिक्के मिले। खजाने की अनुमानित कीमत करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुराने घर में सीवेज पाइप बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों ने नींव में ड्रिलिंग शुरू की। अचानक उन्हें दीवार के अंदर पीली चमकती चीजें नजर आईं। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि वहां इतना बड़ा खजाना छिपा हो सकता है।
इस खोज में 18 साल का कोबे भी शामिल था, जो समर जॉब कर रहा था। उसने बताया कि पहली नजर में उसे लगा कि शायद ये सामान्य 1 यूरो के सिक्के हैं। लेकिन कुछ देर बाद जब सोने की एक डली दिखाई दी, तो सभी को समझ आ गया कि मामला बेहद खास है।
मजदूरों को वहां बड़ी संख्या में सोने के सिक्के और छड़ें मिलीं। साइट मैनेजर मारियो के मुताबिक, खजाने की मात्रा इतनी ज्यादा थी कि उसे अपने पास रखना लगभग असंभव था।
उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर मजदूर इसे अपने पास रखते तो यह चोरी के बराबर होता। इसलिए टीम ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और बरामद खजाने को सुरक्षित जगह पहुंचा दिया।
जिस प्रॉपर्टी में यह खजाना मिला है, वह CAW Oost-Vlaanderen नाम की संस्था की है। यह संस्था डेंडरमोंडे इलाके में लोगों की मदद के लिए काम करती है। संस्था के निदेशक गीर्ट हिलार्ट ने भी इस खोज पर हैरानी जताई।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर भविष्य में कानूनी प्रक्रिया के तहत यह खजाना संस्था को मिलता है, तो इससे जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती है। हालांकि फिलहाल खजाने पर संस्था या मजदूरों का कोई अधिकार नहीं है।
बेल्जियम के कानून के अनुसार खजाने के असली मालिक को उस पर दावा करने के लिए पांच साल यानी 1,823 दिन का समय दिया गया है। अगर इस अवधि में कोई मालिक सामने नहीं आता और यह भी साबित नहीं होता कि खजाना किसी अपराध से जुड़ा है, तो नागरिक कानून के तहत इसे खोजने वाले व्यक्ति और संपत्ति के मालिक के बीच बांटा जा सकता है।
इसका मतलब है कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि करीब 100 करोड़ रुपये के इस खजाने का अंतिम मालिक कौन होगा।
खजाने की खबर सामने आने के बाद इलाके में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्माण स्थल पर खुद सोना तलाशने के लिए न पहुंचें।
पुलिस के मुताबिक, घर की पूरी तरह जांच की जा चुकी है और बरामद सोना सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। इस अनोखी घटना को लेकर स्थानीय पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी और अपनी फेसबुक प्रोफाइल तस्वीर तक सोने के सिक्के की लगा दी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।