
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आम बजट 2026-27 पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने विकास की जो यात्रा तय की है, उसका प्रत्यक्ष लाभ अब आम नागरिकों को जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलित दस्तावेज है, जो नए भारत के निर्माण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर देगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आम बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि बजट में रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन तीनों का संतुलित समावेश स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यह बजट आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए एक आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिला और गरीब- सभी वर्गों की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर यह बजट तैयार किया गया है। देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के लिए यह बजट नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयां सक्रिय हैं, जिनसे करीब तीन करोड़ लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। यह फंड विशेष रूप से ओडीओपी योजना के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जिसे उत्तर प्रदेश ने ब्रांडिंग, डिजाइनिंग, पैकेजिंग और एक्सपोर्ट से सफलतापूर्वक जोड़ा है। इससे नई तकनीक, स्किल ट्रेनिंग और वैश्विक बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में 12.20 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड की घोषणा उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को नई गति देगी। ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रहे हैं, जिससे प्रदेश में देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स हब विकसित हो रहा है। इसका सीधा लाभ उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि देश में घोषित 20 अंतर्देशीय जलमार्गों में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वाराणसी से हल्दिया तक देश का पहला इनलैंड वाटरवे पहले ही शुरू हो चुका है। वाराणसी, प्रयागराज और यमुना नदी तक इसके विस्तार से कार्गो मूवमेंट मजबूत होगा। वाराणसी में शिप रिपेयर और मेंटिनेंस इकोसिस्टम विकसित होने से लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में घोषित 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को मिले हैं। इन ट्रेनों की गति 300 से 500 किमी प्रति घंटा तक होगी। इससे यात्रा समय घटेगा और उद्योग, पर्यटन व व्यापार को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ललितपुर में 1,200 एकड़ में बल्क ड्रग पार्क और गौतम बुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क तेजी से विकसित हो रहे हैं। बायो-फार्मा सेक्टर के लिए बजट में 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। लखनऊ में आयोजित फार्मा कॉन्क्लेव में देशभर के निवेशकों की भागीदारी उत्तर प्रदेश की तैयारी को दर्शाती है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 22,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से डेटा सेंटर विकसित हो रहे हैं। अब तक लगभग 700 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर स्थापित हो चुके हैं। साथ ही बजट में घोषित महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना से प्रदेश की 1.05 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध हो, तो कोई भी स्थल विश्वस्तरीय टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन सकता है। माघ मेले की ऐतिहासिक सफलता इसका उदाहरण है। बजट में देश की 15 आर्कियोलॉजिकल साइट्स के विकास का प्रावधान है, जिनमें सारनाथ और हस्तिनापुर शामिल हैं। इससे यूपी का पर्यटन और मजबूत होगा।
सीएम योगी ने कहा कि बजट में घोषित सेमीकंडक्टर पार्क से उत्तर प्रदेश को सीधा लाभ मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में देश के 55% मोबाइल और 60% कंपोनेंट्स यूपी में बन रहे हैं। वहीं डिफेंस कॉरिडोर के तहत 12-13 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे करीब 40,000 रोजगार सृजित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और हर जनपद में इमरजेंसी-ट्रॉमा सेंटर खोले जाएंगे। खेल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ‘समर्थ योजना’ शुरू की गई है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी अप्रैल तक पूरी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीए केवल बहाना है, असली लक्ष्य परिवारवाद है। पहले सत्ता में रहते हुए गरीब, किसान और युवा की चिंता नहीं की गई। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को परिवार मानकर काम कर रहे हैं। यह बजट नए भारत और नए उत्तर प्रदेश का प्रतिबिंब है- जहां सड़कें भी हैं, रफ्तार भी, निवेश भी और विश्वास भी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।