
BMW Gift to Employees: सोशल मीडिया पर इन दिनों चीन की एक महिला कारोबारी की खूब तारीफ हो रही है। वजह है अपने कर्मचारियों के प्रति उनका खास लगाव और मेहनत की अनोखी कद्र। चीन के हेनान प्रांत में बीफ हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली ने अपने दो बेहतरीन कर्मचारियों को करीब 43-43 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू (BMW) कारें गिफ्ट की हैं। इस सरप्राइज गिफ्ट की कहानी लोगों का दिल जीत रही है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, मा यानली का रेस्टोरेंट जियाओज़ुओ शहर में है। उनकी कर्मचारी ली जी पिछले आठ साल से उनके साथ काम कर रही हैं। वह हर दिन इलेक्ट्रिक स्कूटर से ड्यूटी पर पहुंचती थीं। एक सुबह कड़ाके की ठंड में जब ली जी काम पर आईं, तो उनका चेहरा लाल था, कान नीले पड़ गए थे और हाथ सुन्न हो चुके थे।
यह देखकर मा यानली को काफी दुख हुआ। उन्होंने सोचा कि जब वह खुद अपनी कार में आराम से सफर करती हैं, तो उनकी मेहनती कर्मचारी को भी ऐसी सुविधा क्यों नहीं मिलनी चाहिए? इसी घटना के बाद उन्होंने कर्मचारियों को कार देने का फैसला और पक्का कर लिया।
Restaurant boss in China gifts top employees BMWs
Ma Yanli, owner of a hotpot chain, bought brand-new BMWs worth $45,000 each after seeing employees brave cold weather on e-scooters, SCMP reports
Cars were fully paid for and registered in the employees’ names https://t.co/JLTg8JhItI
— RT Intl (@RT_on_X) October 8, 2026
मा यानली ने 24 सितंबर को अपने दोनों कर्मचारियों को बताया कि उन्हें एक मीटिंग में जाना है। लेकिन वह उन्हें सीधे बीएमडब्ल्यू के शोरूम ले गईं। वहां पहुंचकर कर्मचारियों को पता चला कि उनके लिए नई कारें खरीदी गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्येक कार की कीमत करीब 3 लाख चीनी युआन यानी लगभग 43 लाख रुपये थी। मा यानली ने कारें सौंपने से करीब दो सप्ताह पहले ही उनका पूरा भुगतान कर दिया था।
ली जी को सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू मिली, जबकि दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को ग्रे रंग की कार गिफ्ट की गई। ली जी के नाम पर उसी दिन कार का पंजीकरण भी कर दिया गया। उन्हें इसके लिए कोई पैसा नहीं देना पड़ा और न ही किसी अनुबंध पर हस्ताक्षर करने पड़े।
ली जी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें इतनी महंगी कार मिलेगी। वहीं, लियू यिंगयिंग के मुताबिक, उनकी बॉस ने उनकी मेहनत और शानदार काम को इस तोहफे की वजह बताया।
मा यानली का मानना है कि किसी भी कंपनी की तरक्की सिर्फ उसके मालिक की मेहनत से नहीं होती, बल्कि इसमें सभी कर्मचारियों का योगदान होता है। इसलिए सफलता का लाभ कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए। वह पारंपरिक चीनी त्योहारों पर भी अपने कर्मचारियों को जरूरी सामान और नकद बोनस देती रही हैं। यही वजह है कि उनका यह कदम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।