
राजस्थान के चूरू जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद में एक पिता पर अपने ही इकलौते बेटे और बहू की बोलेरो से कुचलकर हत्या करने का आरोप है। घटना तारानगर तहसील के चंगोई गांव में मंगलवार रात करीब 12:50 बजे हुई। पुलिस ने आरोपी पिता रामचंद्र जाट को हिरासत में लिया है और बोलेरो भी जब्त कर ली है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
तारानगर के डीएसपी रोहित सांखला के मुताबिक, 60 वर्षीय रामचंद्र जाट गांव में धर्मकांटा चलाता है। वह चंगोई ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन उसका 40 वर्षीय बेटा रविंद्र और 35 वर्षीय बहू महिंद्रा उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में कई दिनों से विवाद चल रहा था।
मंगलवार रात घर में विवाद होने के बाद रविंद्र और महिंद्रा धर्मकांटे पर चले गए। कुछ देर बाद रामचंद्र अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ वहां पहुंच गया। यहां भी चुनाव लड़ने को लेकर बहस हुई। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा घर लौटने लगे। आरोप है कि रास्ते में रामचंद्र बोलेरो लेकर पीछे से आया और दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को तारानगर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना के समय रामचंद्र की पत्नी धर्मा देवी भी मौके पर मौजूद थी। बेटे और बहू की मौत के बाद वह बेसुध हो गईं। बुधवार सुबह अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
रविंद्र पंचायत भवन में किराए की दुकान लेकर ई-मित्र चलाता था। उसकी शादी करीब 13 साल पहले मेलूसर की रहने वाली महिंद्रा से हुई थी। दोनों की 11 साल की बेटी मिकारिका है। माता-पिता की मौत के बाद बच्ची के सिर से उनका साया उठ गया है।
चंगोई को परिसीमन के बाद अलग ग्राम पंचायत बनाया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, इसके बाद से ही रामचंद्र सरपंच चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। तारानगर में पंचायत चुनाव के चौथे चरण में 16 नवंबर को मतदान होना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।