Rajasthan Railway Track Blast : राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट में पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक टूट गए और ट्रैक पर करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके से हड़कंप मच गया। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। फिलहाल इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

धमाके से पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे इस रेलवे ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। इसके करीब 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे लाइन पर धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में इसकी आवाज सुनाई दी।

ब्लास्ट के कारण रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है। पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए। वहीं, पटरियों के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मौके पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां

  • रेलवे ट्रैक पर धमाके की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
  • जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे ट्रैक पर धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी। फिलहाल धमाके के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।

6 ट्रेनें रद्द, रेलवे ट्रैक पर आवाजाही बंद

  • धमाके के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। बुधवार सुबह 9 बजे तक अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर ट्रैफिक बंद रखने का फैसला लिया गया।
  • इसके अलावा बुधवार को इस रूट से गुजरने वाली 6 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया। रेलवे ट्रैक की जांच और मरम्मत के बाद ही इस पर दोबारा रेल यातायात शुरू किया जाएगा।