चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक, ओरछा में राम राजा लोक का निर्माण करेगी सरकार, CM मोहन यादव का ऐलान

Published : Nov 07, 2026, 09:48 PM IST
CM Mohan Yadav

सार

CM मोहन यादव ने चित्रकूट में वनवासी राम लोक और ओरछा में राम राजा लोक बनाने का ऐलान किया। चित्रकूट से गुप्त गोदावरी तक 81.17 करोड़ की फोरलेन सड़क का भूमि पूजन भी किया।

भोपाल: मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और भगवान श्रीराम से जुड़े पवित्र स्थलों को नई पहचान देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के खास मौके पर चित्रकूट से प्रदेश के लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने ऐलान किया कि उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर अब ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक बनाया जाएगा। सरकार का मकसद इन धार्मिक जगहों को बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित करना है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को अच्छा अनुभव मिल सके। सीएम मोहन यादव दीपावली पर्व पर भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र मंदाकिनी नदी में दीपदान किया और प्रदेश और देश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मां मंदाकिनी की पूजा की और चित्रकूट धाम के संतों को शाल, श्रीफल और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा चित्रकूट में वनवासी राम लोक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति दुनिया के दूसरे देशों से अलग है। कई देशों में पर्यटन को ध्यान में रखकर जगहों का विकास किया जाता है, लेकिन भारत में धार्मिक महत्व वाले स्थानों को श्रद्धालुओं और आम लोगों की आस्था से जोड़कर विकसित किया जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने से लोगों को मन की शांति मिलती है और उनका जुड़ाव अपनी संस्कृति से और मजबूत होता है। इसी सोच के साथ मध्यप्रदेश सरकार चित्रकूट के विकास पर काम कर रही है। सीएम ने कहा कि जिस तरह उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण किया गया है, उसी तरह ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक तैयार किया जाएगा। यह दोनों प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दे सकते हैं।

चित्रकूट से गुप्त गोदावरी तक बनेगी फोरलेन सड़क, 81.17 करोड़ होंगे खर्च

चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी सौगात दी। उन्होंने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमि पूजन किया और निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस सड़क के निर्माण पर कुल 81.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क बनने से चित्रकूट धाम और गुप्त गोदावरी के बीच आने-जाने में लोगों को आसानी होगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों का सफर भी पहले से ज्यादा आरामदायक हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को दीपावली के उपहार भी दिए। इसके बाद उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार किए गए पीपा पुल का निरीक्षण किया।

भगवान राम ने चित्रकूट में बिताए थे वनवास के 11 साल से ज्यादा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चित्रकूट के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास के दौरान 11 साल से अधिक समय इसी पवित्र धरती पर बिताया था। यही वजह है कि चित्रकूट को भगवान राम की तपोभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का रिश्ता देश की प्राचीन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से काफी गहरा है। भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में गुरु से ज्ञान प्राप्त किया था। वहीं ओंकारेश्वर में जगतगुरु शंकराचार्य जी को अपने गुरु मिले और उन्होंने ज्ञान हासिल किया। सीएम ने कहा कि, मध्यप्रदेश ऐसी धरती है जहां भारत के कई महान व्यक्तित्वों और प्राचीन समय की अहम घटनाओं से जुड़ी यादें मौजूद हैं। सरकार इन सभी धार्मिक और सांस्कृतिक जगहों को बेहतर तरीके से विकसित करने पर काम कर रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

चित्रकूट के दीपोत्सव मेले में CM मोहन यादव ने किया दीपदान

दीपावली के मौके पर चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस खास आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पहुंचे। उन्होंने मां मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया। दीपावली के अवसर पर चित्रकूट में लाखों श्रद्धालु नदी के घाटों पर दीप जलाकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मेले में मौजूद श्रद्धालुओं को मिठाई बांटी और दीपावली की बधाई दी। इस दौरान उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। सड़क किनारे दीपक बेच रहे बच्चों से मुख्यमंत्री ने प्यार से बातचीत की और उनसे दीपक भी खरीदे। उन्होंने बच्चों के साथ कुछ समय बिताया और उनका उत्साह बढ़ाया।

स्वास्थ्य शिविर का भी लिया जायजा

चित्रकूट दीपोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन की ओर से कई जरूरी इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने लोगों को अचानक तबीयत खराब होने या किसी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। ऐसे इंतजामों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सकेगा।

CM मोहन यादव ने सड़क किनारे पी कुल्हड़ वाली चाय

चित्रकूट दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक ऐसा अंदाज भी सामने आया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। भगवान कामतानाथ के दर्शन और पूजा के बाद उन्होंने आम लोगों से मुलाकात की और श्रद्धालुओं के साथ बातचीत की। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क किनारे एक छोटी सी चाय की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने बिना किसी खास औपचारिकता के कुल्हड़ वाली चाय पी। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद चाय भी बनाई। चाय पीते समय मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनका हालचाल जाना।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Delhi Diwali 2026: दिल्ली की यमुना में उतरी 'जय श्री राम' लिखी नाव, कपिल मिश्रा ने शेयर किया वीडियो
Punjab Dear 200 Lottery Result 7 November 2026: कौन बना ₹1.50 करोड़ का विजेता, देखें दूसरे और तीसरे पुरस्कार समेत पूरी विनर लिस्ट