
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर आगे आने की सलाह दी है। इटावा में बन रहे केदारेश्वर मंदिर को लेकर संभावित निमंत्रण के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश शुद्ध नीयत से मंदिर बनवाते तो वह जरूर जाते, लेकिन उनकी नीयत साफ नहीं दिखती। फिर भी उन्होंने कहा कि मंदिर बन रहा है तो वह उन्हें बधाई देंगे और उम्मीद है कि वे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए भी आगे आएंगे। मुख्यमंत्री यह बयान एक निजी चैनल के कॉन्क्लेव में दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया।
सीएम योगी ने कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा 2022 से ज्यादा सीटें जीतेगी और फिर से डबल इंजन सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यूपी को ट्रिपल-टी (टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन) से जोड़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि जैसे बिहार में कांग्रेस और राजद की स्थिति कमजोर हुई, वैसे ही 2027 में यूपी में कांग्रेस और सपा की स्थिति होगी। उन्होंने मीडिया से कहा कि 75 जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर देखें, जनता वर्तमान सरकार के समर्थन में नजर आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी को उसकी पहचान दिलाना सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। युवाओं को रोजगार मिल रहा है, किसान खुशहाल हैं और महिलाएं सुरक्षित हैं।उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण रामराज्य की अवधारणा पर आधारित है। केवल मंदिर बनाना ही नहीं, बल्कि सुशासन और विकास के जरिए बदलाव लाना भी जरूरी था।
सीएम योगी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर को अपवित्र करने और अयोध्या में हमले करने वाले गाजी को सजा महाराज सुहेलदेव ने दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा महाराज सुहेलदेव का सम्मान करने के बजाय गाजी का नाम लेती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक और आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बनवाया है।
मुख्यमंत्री ने सपा के ‘पीडीए’ पर तंज कसते हुए कहा कि इसका मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उन्होंने कहा कि यह एक परिवार के विकास के लिए बना संगठन है, जिसमें अखिलेश चेयरमैन, शिवपाल सीईओ और रामगोपाल यादव वाइस चेयरमैन होंगे।
सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश और अखिलेश को यूपी गंभीरता से नहीं लेता। कांग्रेस किसी और को नेता प्रतिपक्ष बना सकती थी, लेकिन परिवारवाद के चलते राहुल गांधी को जिम्मेदारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को संघ की शाखाओं में जाकर अनुशासन सीखना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रगीत वंदे मातरम का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम का मंत्र रहा है और राष्ट्र प्रतीकों का सम्मान जरूरी है।
सीएम योगी ने कहा कि बुलडोजर यूपी की ताकत का प्रतीक है, जो माफिया प्रवृत्ति पर कार्रवाई दर्शाता है। वहीं ब्रह्मोस जैसे रक्षा सेक्टर में निवेश भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने असदुद्दीन ओवैसी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान अब हैदराबाद की ओर है और ओवैसी ‘भाग्य नगर’ नाम को लेकर अनावश्यक बयान दे रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि भारत तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था है और दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था यूपी के बराबर भी नहीं है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।