Anant Singh Daughter Wedding Food Menu: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में 4 लाख मेहमानों के लिए शाही भोज तैयार हो रहा है। जानिए मेन्यू में क्या-क्या खास है।
Mokama MLA Anant Singh Daughter Marriage Food List: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के घर इस वक्त शहनाइयों की गूंज और दावत की जबरदस्त हलचल है। बेटी शिवांगी की धूमधाम से हुई हल्दी की रस्म के बाद अब शादी के महाभोज की तैयारियां चरम पर हैं। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में ऐसी दावत का इंतजाम हो रहा है, जिसकी चर्चा पूरे बिहार में है। यहां एक-दो हजार नहीं, बल्कि पूरे 4 लाख मेहमानों के लिए खाना पकाया जा रहा है। इस शाही दावत का मेन्यू की लिस्ट देखकर आपके मुंह में पानी आ जाएगा। इस शादी में बिहार के देसी लिट्टी-चोखा से लेकर बच्चों और युवाओं के फेवरेट पिज्जा-बर्गर तक का इंतजाम किया गया है। इस महाभोज को इस तरह से तैयार किया गया है कि गांव के बुजुर्गों से लेकर शहर से आने वाले युवाओं तक, हर किसी की पसंद का पूरा ख्याल रहे। मेन्यू को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है आइए जानते हैं कि 'छोटे सरकार' की बेटी की शादी में मेहमानों की थाली में क्या-क्या परोसा जाएगा...
अनंत सिंह की बेटी की शादी का मेन्यू
देशी और मेन कोर्स
पुलाव, दाल, पूरी, रायता, तीन तरह की सूखी और रसेदार सब्जियां, पनीर की सब्जी, दाल मखनी, लिट्टी-चोखा, नान और तंदूरी रोटी।
चटपटा स्ट्रीट फूड
मसालेदार चाट, पानी वाले गोलगप्पे और कुरकुरी आलू टिक्की।
साउथ इंडियन और चाइनीज
गरमा-गरम डोसा, इडली-सांभर और देसी स्टाइल चाउमीन।
फास्ट फूड और कॉन्टिनेंटल
बच्चों और यंगस्टर्स के लिए खास पिज्जा, पास्ता और बर्गर।
थाली के साथी आइटम्स
ताजा सलाद, कुरकुरे पापड़ और कई तरह के अचार।
मिठाइयां
6 तरह के 30 लाख रसगुल्ले, गुलाब जामुन, राजभोग, काजू कतली, मालपुआ, खाजा और कई अन्य मिठाइयां।
30 लाख रसगुल्ले और 50 हजार लीटर दूध का हिसाब
किसी भी भारतीय शादी की जान उसकी मिठाइयां होती हैं और नदवां की इस शादी में मिठाई का इंतजाम किसी रिकॉर्ड से कम नहीं है। अकेले रसगुल्लों की बात करें तो करीब 30 लाख रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। वह भी एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 6 अलग-अलग रंगों और स्वादों में, जिसमें सफेद और काला रसगुल्ला सबसे खास है। इतनी बड़ी मात्रा में छेना निकालने के लिए दूध के 5 बड़े टैंकर मंगाए गए हैं। हर टैंकर में 10 हजार लीटर दूध है, यानी कुल 50 हजार लीटर दूध सिर्फ मिठाइयों के लिए इस्तेमाल हो रहा है।
















