अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में 4 लाख लोगों के लिए महाभोज बन रहा है। जानें 50 हजार लीटर दूध, 1 टन पनीर और 30 लाख रसगुल्लों वाली इस शाही दावत की पूरी डिटेल।
Anant Singh Daughter Wedding Feast: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह अपने अनोखे अंदाज और शाही ठाठ-बाट के लिए जाने जाते हैं। अब जब मौका उनकी बेटी शिवांगी की शादी का है, तो तैयारियां भी ऐसी हो रही हैं कि सुनने वालों के होश उड़ जाएं। हल्दी की रस्म के बाद अब अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी के महाभोज का काम जोर-शोर से चल रहा है। बुधवार, 25 नवंबर को होने वाली इस शादी के लिए यहां कोई हजार-दो हजार नहीं, बल्कि पूरे 4 लाख लोगों के खाना खाने का इंतजाम किया जा रहा है। जिसमें 30 लाख रसगुल्ले भी बनाए जा रहे हैं। जानिए इतने लोगों के खाने के लिए कितने हलवाई लगाए गए हैं और क्या-क्या सामान आया है...
नदवां गांव में 300 चूल्हों पर पक रहा खाना
नदवां गांव में इस वक्त किसी बड़े मेले जैसा माहौल है। मेहमानों के स्वागत और खाने के लिए कुल 8 विशाल पंडाल बनाए गए हैं। खाना बनाने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे दिन-रात जल रहे हैं। इस पूरी रसोई को संभालने के लिए 500 हलवाई और कारीगरों की फौज जुटी हुई है, जो अलग-अलग शिफ्ट में काम कर रहे हैं। खाना परोसने और बनाने के लिए 5 हजार से ज्यादा बड़े बर्तन मंगाए गए हैं। काम को आसान बनाने के लिए टीमों को बांटा गया है। एक टीम सिर्फ मिठाई बना रही है, दूसरी सब्जियां काटने-पकाने में लगी है, तो तीसरी टीम पुलाव, दाल और पूड़ियां तैयार कर रही है।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में 30 लाख रसगुल्ले बन रहे
इस शाही दावत में सबसे ज्यादा चर्चा मिठाइयों की हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेहमानों का मुंह मीठा कराने के लिए करीब 30 लाख रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। खास बात ये है कि ये रसगुल्ले 6 अलग-अलग स्वाद और रंगों में बन रहे हैं, जिनमें पारंपरिक उजला (सफेद) और काला रसगुल्ला भी शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में छेना निकालने के लिए 10-10 हजार लीटर वाले 5 टैंकर दूध यानी 50 हजार लीटर दूध मंगाया गया है। एक तरफ कारीगर दूध फाड़कर छेना तैयार कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन्हें गोल आकार देकर चाशनी में पकाया जा रहा है। 4 लाख लोगों की दावत के लिए राशन किसी दुकान से नहीं, बल्कि ट्रक और ट्रैक्टरों से मंगाया गया है। रसोई में इस्तेमाल हो रहे सामान के आंकड़े वाकई हैरान करने वाले हैं।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में राशन की लिस्ट
दूध- 50 हजार लीटर (5 टैंकर)
पनीर- 1 टन (1000 किलो)
आलू और प्याज- 2-2 टन
टमाटर और पत्तागोभी- 1-1 टन
गाजर- 840 किलो
फूलगोभी- 580 किलो गोभी
मटर- 500 किलो
बीन्स और शिमला मिर्च- 300-300 किलो
अदरक, लहसुन, मिर्च, धनिया- 100-100 किलो
आटा- 1 ट्रक
चीनी- 500 बोरी
डालडा और रिफाइंड- 1-1 ट्रैक्टर
कोयला और गैस सिलेंडर- 1 ट्रक कोयला और 1 ट्रक गैस सिलेंडर
VVIP और आम आदमी के लिए एक जैसा स्वाद
इस शादी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि यहां खाने में कोई भेदभाव नहीं रखा गया है। VVIP मेहमानों के लिए 10 बीघे में पंडाल सजा है, जहां 30 अलग-अलग फूड स्टॉल लगेंगे। वहीं, आम जनता के लिए 15 बीघे में 7 पंडाल बनाए गए हैं। दोनों जगह बैठने और स्वागत का तरीका भले ही अलग हो, लेकिन खाने की वैरायटी और स्वाद बिल्कुल एक जैसा रखा गया है। यानी जो पकवान बड़े नेताओं और खास मेहमानों की थाली में होगा, वही गांव के आम लोगों को भी परोसा जाएगा।
















