Anant Singh News: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को है, लेकिन विदाई के 6 दिन बाद ही उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। जानिए सुप्रीम कोर्ट का आदेश और पूरा मामला।
Anant Singh Jail Surrender Date: बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों दो बिल्कुल अलग-अलग माहौल है। एक तरफ जहां उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी तरफ खुद अनंत सिंह के जेल जाने की उल्टी गिनती भी शुरू हो चुकी है। 25 नवंबर को बाढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नदवां में बेटी की बारात आएगी, लेकिन बेटी की विदाई के ठीक 6 दिन बाद यानी 1 दिसंबर 2026 को 'छोटे सरकार' को सरेंडर करना पड़ सकता है।
अनंत सिंह को किस मामले में जाना पड़ सकता है जेल?
अनंत सिंह पर हत्या, अपहरण और धमकी जैसे कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। साल 2025 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। बेटी शिवांगी की शादी के कारण ही सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को चार हफ्ते की राहत दी थी। कोर्ट के इस आदेश पर अनंत सिंह ने भी कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वो तय तारीख पर सरेंडर कर देंगे।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में क्या-क्या होने वाला है?
सरेंडर करने से पहले अनंत सिंह (छोटे सरकार) बेटी की शादी के इंतजाम में अनंत सिंह कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पटना से करीब 65 किलोमीटर दूर नदवां गांव में होने वाली इस शादी की में कई बड़ी सेलिब्रिटीज और बने राजनीतिक चेहरे आ सकते हैं। अनंत सिंह का दावा है कि शादी में कम से कम 4 लाख मेहमान आएंगे। अपने बेबाक अंदाज में उन्होंने कहा कि यहां सिनेमा की तरह टिकट नहीं लेना है, हिंदुस्तान से लेकर पाकिस्तान तक सबको न्योता भेजा गया है। शादी के जश्न में एक शानदार घुड़दौड़ प्रतियोगिता रखी गई है। अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी ने ऐलान किया है कि इस रेस को जीतने वाले को इनाम में महिंद्रा थार दी जाएगी।
अनंत सिंह की बेटी की शादी किससे हो रही है?
शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा के कृष्णा नगर के रहने वाले ऋषिकेश से हो रही है, जिन्होंने अमेरिका से एमबीए (MBA) की पढ़ाई की है। चर्चा है कि अनंत सिंह दामाद को कोई कीमती गाड़ी भी तोहफे में दे सकते हैं। शादी पर हो रहे खर्च पर अनंत सिंह का कहना है कि देशभर में फैले उनके दोस्त और चाहने वाले ही सारा इंतजाम संभाल रहे हैं।














