
Flydubai Co-Pilot: फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में को-पायलट द्वारा कथित तौर पर विमान को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इजरायली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ओमान के रहने वाले को-पायलट हम्माम अल हम्मामी ने गाजा में इजरायल के सैन्य अभियान से नाराज होकर इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी। जांच एजेंसियां फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, हम्माम का कथित पहला निशाना तेल अवीव स्थित बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट था। उसकी योजना विमान को एयरपोर्ट पर क्रैश कराने की थी। अगर यह योजना सफल नहीं होती, तो उसने कथित तौर पर जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाने का वैकल्पिक प्लान भी तैयार किया था।
जांच में सामने आए दावों के मुताबिक, हम्माम ने इजरायल जाने वाली फ्लाइट में बतौर पायलट ड्यूटी पाने के लिए लंबे समय तक तैयारी की थी। इसी सिलसिले में उसने पिछले साल जून में इजरायल की यात्रा भी की थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह खुद को 'शहीद' करने की मानसिक तैयारी कर चुका था।
रिपोर्ट के मुताबिक, हम्माम जुलाई में ही कथित हमले को अंजाम देना चाहता था। हालांकि, क्रू के एक सदस्य से उसकी अच्छी जान-पहचान होने के कारण उसने उस समय अपना इरादा बदल दिया। इसके बाद भी उसने कथित तौर पर अपनी योजना जारी रखी।
सबसे चौंकाने वाला घटनाक्रम तब हुआ जब विमान अपने निर्धारित मार्ग पर उड़ रहा था। आरोप है कि हम्माम ने अचानक विमान का ऑटोपायलट बंद कर दिया और उसे बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर मोड़ने की कोशिश की। उसकी हरकत देखकर मुख्य पायलट स्मित मचार ने उसे रोकने का प्रयास किया।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहे हम्माम और पायलट स्मित मचार के बीच कॉकपिट में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान हम्माम ने कथित तौर पर पायलट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। स्मित मचार ने उसका सामना करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलकर क्रू को अलर्ट किया।
कॉकपिट का दरवाजा खुलते ही क्रू सदस्य और यात्री अंदर पहुंचे। उन्होंने कथित हमलावर को काबू में लेकर बांध दिया। इस कार्रवाई से विमान को संभावित बड़ी दुर्घटना से बचाने में मदद मिली।
इजरायली अधिकारी अब छह अन्य देशों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं। जांच का फोकस हम्माम की पृष्ठभूमि, कथित मकसद और इस बात पर है कि क्या वह अकेले इस साजिश को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।