फ्लाईदुबई की इजराइल जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने पायलट पर चाकू से हमला किया। विमान तेजी से नीचे आया और यात्रियों की मदद से आरोपी को काबू किया गया।
Flydubai Flight Incident: इजराइल जा रहे एक विमान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक को-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। इस भयावह घटना के बाद विमान कुछ ही मिनटों में 34 हजार फीट की ऊंचाई से लहराता हुआ 20 हजार फीट पर आ गया। शुरुआत में यात्रियों को विमान के हाईजैक होने की आशंका लगी, लेकिन बाद में पता चला कि विमान को क्रैश कराने की कोशिश की गई थी।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विमान में मौजूद कुछ यात्रियों ने बेहद हिम्मत दिखाई। उन्होंने कॉकपिट में पहुंचकर घायल पायलट को बचाया और आरोपी को-पायलट को काबू करने में मदद की। यात्रियों की इसी कार्रवाई से हालात को संभालने में मदद मिली। विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे। फ्लाईदुबई का यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान से बाहर आए यात्रियों ने बताया कि कुछ मिनटों के लिए उन्हें लगा कि विमान क्रैश होने वाला है।
कॉकपिट से सुनाई दीं चीखें, फिर दिखा खून
इजरायली मीडिया आउटलेट YTnews की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में सवार मिरियम नाम की एक यात्री ने घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कॉकपिट का दरवाजा खुलने से पहले यात्रियों को सिर्फ चीखों की आवाज सुनाई दे रही थी।
मिरियम के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने कॉकपिट के अंदर काफी खून देखा। किसी ने एक पायलट पर चाकू से हमला किया था और वह पायलट खून से लथपथ था।
उन्होंने बताया कि जब कॉकपिट से चीखने की आवाजें आ रही थीं, तब ऐसा महसूस हो रहा था कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। उस समय उन्हें लगा कि कुछ ही पल में विमान क्रैश हो सकता है और शायद कोई जिंदा नहीं बचेगा।
अचानक कॉकपिट का दरवाजा खुला और अंदर से खून बाहर आता दिखाई दिया। इसके बाद खून से लथपथ एक पायलट बाहर आया। विमान में मौजूद एक डॉक्टर और एक नर्स ने तुरंत उसे फर्स्ट एड देना शुरू कर दिया।
यात्रियों ने आरोपी को-पायलट को काबू किया
मिरियम ने बताया कि इसके बाद कुछ इजरायली यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने आरोपी को-पायलट को काबू करने में मदद की। सऊदी अरब के तबुक में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग से पहले ही हालात पर काबू पा लिया गया था।
हालांकि, यात्रियों के लिए यह बेहद डरावना अनुभव था। मिरियम के मुताबिक, कुछ समय के लिए ऐसा लग रहा था कि शायद वे जिंदा नहीं बच पाएंगे।
कुछ यात्रियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कॉकपिट में जाकर घायल पायलट को आरोपी को-पायलट से बचाने में मदद की।
एक बीमा कंपनी के CEO ज़्विका मानेस भी उन यात्रियों में शामिल थे, जिन्होंने आरोपी को काबू करने में मदद की। मानेस ने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताया।
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी कॉकपिट के पास खड़ी थीं, क्योंकि उनकी बेटी उस समय बाथरूम में थी। तभी उनकी पत्नी ने कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनी।
मानेस के मुताबिक, उन्होंने फिजी के एक राहत पायलट को आवाज देकर कहा कि जल्दी अंदर आकर देखें कि क्या हो रहा है। इसके बाद उन्होंने और दो अन्य लोगों ने कॉकपिट में प्रवेश किया और आरोपी को काबू कर लिया।
मानेस ने बताया कि वह खुद भी खून से लथपथ हो गए थे और उनके लिए यह पूरा अनुभव बेहद भयावह था।
हवा में यात्री ने बनाया वीडियो
विमान हवा में ही था, तभी एक यात्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर इस घटना के बारे में बताया। यात्री ने कहा कि वे दुबई से उड़ान भर रहे थे और अब स्थिति उनके नियंत्रण में है।
उस यात्री के मुताबिक, एक हमलावर ने चाकू से एक पायलट पर हमला किया था। इसके बाद कुछ यात्रियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को कॉकपिट से बाहर खींच लिया।
यात्री ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है और विमान सऊदी अरब में उतरने वाला है।
को-पायलट पर विमान क्रैश कराने की कोशिश का संदेह
इजराइली अधिकारियों ने बताया कि कॉकपिट में हुई झड़प के दौरान ओमान के नागरिक को-पायलट पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने का संदेह है।
बताया गया कि चाकूबाजी के दौरान उसने दूसरे पायलट पर हमला किया और उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
दूसरे पायलट के बारे में अधिकारियों ने बताया कि वह अमीराती नागरिक है। उसने विमान में मौजूद इजराइली यात्रियों की मदद से ओमानी को-पायलट को काबू किया।
तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार यात्रियों ने लैंडिंग के बाद अपनी आपबीती बताई और कहा कि घटना के दौरान उन्हें कुछ समय के लिए विमान के क्रैश होने का डर सताने लगा था।
पूरे मामले में यात्रियों की भूमिका भी सामने आई है। घायल पायलट को तत्काल मदद देने से लेकर आरोपी को-पायलट को काबू करने तक, कई यात्रियों ने स्थिति को संभालने में मदद की।
मामले की जांच जारी है और कॉकपिट में हुई हिंसा के पीछे की पूरी वजह तथा विमान को नीचे लाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।