Flydubai Flight Emergency Landing: दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai FZ1073 में इमरजेंसी के बाद सऊदी अरब में लैंडिंग हुई। पायलटों के झगड़े से हड़कंप मचा, हाईजैकिंग की पुष्टि नहीं।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने उड़ान के दौरान इमरजेंसी सिग्नल भेजा और अचानक अपना रास्ता बदल लिया। इस वाकये के बाद विमान के हाइजैक होने की आशंका के चलते इजराइल ने सुरक्षा से जुड़ी कार्रवाई शुरू की गई। विमान को आखिरकार सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

क्या है पूरा मामला?

  • इजराइली मीडिया की शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, फ्लाइट FZ1073 दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी।
  • उड़ान के दौरान विमान ने पहले इंटरनेशनल इमरजेंसी कोड 7700 भेजा। यह कोड सामान्य आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
  • इसके बाद विमान की ओर से कुछ समय के लिए 7500 कोड भी भेजे जाने की रिपोर्ट सामने आई। 7500 कोड विमान के अपहरण या किसी तरह के गैर-कानूनी हस्तक्षेप की आशंका से जुड़ा होता है।
  • इस सिग्नल के बाद कुछ समय के लिए विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हुई और इजराइली सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई शुरू की।
  • हालांकि, बाद में इजराइली अधिकारियों ने कहा कि यह हाईजैकिंग नहीं थी।

इजराइल ने फाइटर जेट्स भेजे, विमान की ऊंचाई तेजी से घटी

  • अलर्ट मिलने के बाद इजराइली वायुसेना के फाइटर जेट्स को भी रवाना किया गया। रिपोर्टों के अनुसार, विमान की ऊंचाई में भी अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
  • CNN और फ्लाइट-ट्रैकिंग से जुड़ी रिपोर्टों में बताया गया कि विमान की ऊंचाई करीब 34,000 फीट से तेजी से घटकर लगभग 16,600 फीट तक पहुंच गई थी। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की तरफ चला गया।

तबुक में सुरक्षित उतरी फ्लाइट FZ1073

फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। तबुक में सिविल और मिलिट्री दोनों तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। फ्लाइट-ट्रैकिंग रिकॉर्ड के मुताबिक, यह घटना दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद हुई। विमान के सऊदी अरब की ओर मुड़ने के बाद आखिरकार उसे तबुक में उतारा गया। फ्लाईदुबई के प्रवक्ता ने कहा कि विमान तबुक में सुरक्षित उतरा और सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसकी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं और ज्यादा पक्की जानकारी मिलने पर आगे की जानकारी दी जाएगी।

पायलटों के बीच झगड़े की बात सामने आई

  • शुरुआती तौर पर विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हुई थी, लेकिन बाद की रिपोर्टों में सामने आया कि घटना का संबंध कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हुए शारीरिक विवाद से था।
  • रॉयटर्स के मुताबिक, एक इजराइली अधिकारी ने बताया कि दोनों पायलटों के बीच विमान के कॉकपिट में हाथापाई हुई थी। इस दौरान इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए और विमान का रास्ता बदलकर उसे सऊदी अरब में उतारा गया।
  • इजराइली अधिकारियों ने हाईजैकिंग की बात से इनकार किया है। कुछ इजराइली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि झगड़े के दौरान एक पायलट को चाकू मारा गया।
  • कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि एक पायलट ने विमान को तेजी से नीचे ले जाने की कोशिश की, जिसके बाद दूसरे पायलट ने उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि, इन अतिरिक्त दावों की पूरी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यात्रियों ने बताई विमान के अंदर की स्थिति

  • विमान में मौजूद कुछ यात्रियों ने इजराइल के चैनल 12 से फोन पर बातचीत में बताया कि उन्होंने विमान के आगे के हिस्से से चीख-पुकार सुनी थी। यात्रियों के मुताबिक, उन्होंने पायलटों के बीच बहस जैसी आवाजें भी सुनीं।
  • कुछ यात्रियों ने बताया कि सऊदी अरब में लैंडिंग से पहले विमान तेजी से नीचे की ओर झुका था। इस दौरान विमान के अंदर मौजूद लोगों में चिंता पैदा हो गई थी।
  • तबुक में लैंडिंग के बाद सभी यात्री विमान के अंदर ही रहे। यात्रियों के मुताबिक, सऊदी सुरक्षा बलों ने विमान को चारों तरफ से घेर रखा था। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई थी।

विमान में करीब 180 यात्री सवार थे

हारेत्ज़ की रिपोर्ट में बताया गया कि फ्लाइट में करीब 180 इजराइली यात्री सवार थे। हालांकि, अलग-अलग शुरुआती रिपोर्टों में यात्रियों की संख्या को लेकर थोड़ा अंतर देखने को मिला है। फ्लाईदुबई ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

कॉकपिट में पायलटों की लड़ाई का मामला नया नहीं

  • कॉकपिट में पायलटों के बीच विवाद के कारण फ्लाइट का प्रभावित होना बेहद असामान्य स्थिति है, लेकिन अतीत में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
  • 2022 में जिनेवा से पेरिस जा रही एयर फ्रांस की फ्लाइट के कॉकपिट में दो पायलटों के बीच हाथापाई हुई थी। इसके बाद दोनों पायलटों को निलंबित कर दिया गया था।
  • हालांकि, उस घटना में विमान का रूट नहीं बदला था और फ्लाइट अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही लैंड हुई थी।