
Pakistan Most Impacted By Terrorism: पाकिस्तान पहली बार आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है। इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस (IEP) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में पाकिस्तान में आतंकवाद से 1,139 लोगों की मौत हुई और 1,045 घटनाएं दर्ज की गईं। पहली बार पाकिस्तान इस सूचकांक में नंबर-1 पर पहुंचा है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत हुसैन हक्कानी ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की लंबे समय से चली आ रही चरमपंथ संबंधी नीतियों पर सवाल उठाया। उन्होंने अपने पोस्ट में सांप पालने की उपमा देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने दशकों पहले जिहादी संगठनों को समर्थन देना शुरू किया था और अब वही देश आतंकवादी हिंसा का बड़ा निशाना बन रहा है।
GTI 2026 के अनुसार, पाकिस्तान में 2025 में आतंकवाद से होने वाली मौतों में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यह लगातार छठा साल था जब देश में आतंकवाद से मौतों का आंकड़ा बढ़ा। हालांकि, आतंकी घटनाओं की संख्या 2024 के 1,098 से घटकर 2025 में 1,045 रही। इसके बावजूद मौतों और बंधक बनाए जाने की घटनाओं में बढ़ोतरी ने आतंकवाद के प्रभाव को गंभीर बनाए रखा।
इसके उलट दुनियाभर में आतंकवाद से होने वाली मौतें 2025 में 28 प्रतिशत घटकर 5,582 रह गईं, जबकि घटनाओं की संख्या करीब 22 प्रतिशत घटकर 2,944 हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP लगातार पांचवें साल पाकिस्तान का सबसे घातक आतंकी संगठन रहा। 2025 में TTP से जुड़ी 595 घटनाओं में 637 लोगों की मौत हुई। यह पाकिस्तान में आतंकवाद से हुई कुल मौतों का 56 प्रतिशत था।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अफगानिस्तान में तालिबान की 2021 में वापसी के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर सक्रिय आतंकी संगठनों की गतिविधियां बढ़ी हैं। खास तौर पर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।
GTI के मुताबिक, 2025 में पाकिस्तान के 74 प्रतिशत से ज्यादा आतंकी हमले और आतंकवाद से होने वाली 67 प्रतिशत मौतें बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में दर्ज हुईं। रिपोर्ट इन इलाकों में बढ़ती हिंसा को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा की अस्थिरता से भी जोड़ती है।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) भी रिपोर्ट में प्रमुख आतंकी संगठनों में शामिल है। 2025 में BLA ने क्वेटा के पास एक यात्री ट्रेन पर हमला कर उसे अपने कब्जे में ले लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में 442 लोगों को बंधक बनाया गया। इसमें 21 बंधकों, चार सैन्यकर्मियों और 33 हमलावरों की मौत हुई।
Global Terrorism Index 2026 में पाकिस्तान ने पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया है। इससे पहले लगातार दो वर्षों तक बुर्किना फासो सबसे ज्यादा प्रभावित देश था, लेकिन 2025 में वहां आतंकवाद से होने वाली मौतों में बड़ी गिरावट आई और वह दूसरे स्थान पर चला गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में आतंकवाद का बढ़ता प्रभाव सीमा-पार अस्थिरता, आतंकी संगठनों की सक्रियता और क्षेत्रीय सुरक्षा परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है। GTI का आकलन केवल मौतों पर आधारित नहीं है, बल्कि आतंकी घटनाओं, घायलों और बंधकों जैसे कई संकेतकों को पांच साल के भारित औसत के साथ शामिल करता है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।